Ranchi News : झारखंड के आर्थिक विकास और भविष्य की नीतिगत दिशा तय करने के उद्देश्य से बुधवार को होटल बीएनआर चाणक्य में ‘थिंक 2029 – प्रोफेशनल्स फॉर इकोनॉमिक ट्रांसफॉर्मेशन’ सम्मेलन का आयोजन किया गया. ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस, झारखंड की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षाविद्, चार्टर्ड अकाउंटेंट, कानून विशेषज्ञ, उद्यमी और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया. सम्मेलन में राज्य की आर्थिक संभावनाओं, औद्योगिक विकास, युवाओं के रोजगार और शिक्षा-स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने पर चर्चा हुई.
इसे भी पढ़ें...
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश महासचिव सह प्रोफेशनल्स प्रभारी आदित्य विक्रम जायसवाल ने की. मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु यास्की गौड़, लेखक एवं स्तंभकार सुवीर सरन और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश मौजूद रहे. कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की समेत कई कांग्रेस नेता भी शामिल हुए. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और झारखंड की पारंपरिक नृत्य-संगीत प्रस्तुति के साथ हुई.
प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु यास्की गौड़ ने कहा कि कांग्रेस की स्थापना में डॉक्टर, वकील, इंजीनियर और अन्य पेशेवरों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. आज भी राष्ट्र निर्माण में प्रोफेशनल्स की भागीदारी जरूरी है. उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में संवैधानिक संस्थाएं कमजोर हुई हैं. अब लोकतांत्रिक व्यवस्था को फिर से मजबूत करने की जरूरत है. झारखंड जल, जंगल और जमीन के साथ मानव संसाधन से भी समृद्ध है. उन्होंने कहा कि सम्मेलन में मिले सुझावों के आधार पर शिक्षा व्यवस्था और सिंगल विंडो सिस्टम जैसे मुद्दों पर काम किया जाएगा. जल, जंगल और जमीन के विषय पर भी प्रोफेशनल पैनल गठित किया जाएगा.
झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कहा कि प्रोफेशनल्स कांग्रेस का उद्देश्य ऐसे विशेषज्ञों को जोड़ना है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की सोच रखते हैं. शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक समानता और वंचित वर्गों के सशक्तीकरण के लिए उनके अनुभवों का उपयोग किया जाएगा. उन्होंने कहा कि अगले दो वर्षों तक विभिन्न विषयों पर प्रोफेशनल्स के साथ लगातार संवाद किया जाएगा, ताकि झारखंड को ऐसा मॉडल राज्य बनाया जा सके, जहां हर परिवार को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के समान अवसर मिलें.
लेखक एवं स्तंभकार सुवीर सरन ने कहा कि सम्मेलन में उन्हें ऐसे लोगों के बीच आने का अवसर मिला, जिनमें देश को आगे ले जाने की सोच और दूरदृष्टि है. उन्होंने कहा कि भारत के पास आज भी ऐसे प्रतिभाशाली पुरुष और महिलाएं हैं, जो युवाओं को सशक्त बनाने और देश का भविष्य बेहतर करने की क्षमता रखते हैं.
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस का गठन वर्ष 2017 में हुआ था. इसका उद्देश्य विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों के लोगों को एक मंच पर लाकर नीतिगत फैसलों में उनके सुझाव और अनुभवों को शामिल करना है.
आयोजक आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि झारखंड में प्रतिभा, अवसर और संसाधनों की कमी नहीं है, बल्कि सही मार्गदर्शन और नीतिगत दिशा की जरूरत है. प्रोफेशनल्स, चार्टर्ड अकाउंटेंट, बुद्धिजीवियों और अर्थशास्त्रियों के सुझावों से ऐसी नीतियां तैयार करने का प्रयास है, जिससे युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करना पड़े. राज्य में औद्योगिक विकास, स्थानीय उद्योगों और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य है.
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने किया. पैनल चर्चा में तुलसी पटेल, रणजीत गड़ोदिया, डॉ. जावेद अहमद, डॉ. संजय कुमार, विकास रंजन सहाय, शंभुनाथ चौधरी, उत्कर्ष मिश्रा, जोगेश गंभीर, सुनील कुमार मेहता, आदर्श राज, सिमरन, प्रभात अग्रवाल और अपर्णा गुप्ता ने अपने सुझाव रखे. कार्यक्रम को सफल बनाने में सीए भुवनेश ठाकुर, रुद्र शुक्ला, मनीष जैन, इशिका, करिश्मा कुमारी, सिमरन कौर, अफसर इमाम, गौरव, सरवर पॉल, विकास आदित्य और अनिल सिंह समेत अन्य लोगों की भूमिका रही.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

