Gumla News: 65वीं सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल कप के अंडर-17 बालिका वर्ग में झारखंड की टीम ने फाइनल में जगह बना ली है. झारखंड की टीम में शामिल गुमला की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते अबतक कई गोल किए है, जिसकी चर्चा चारों ओर हो रही है. नई दिल्ली में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में झारखंड की टीम ने CISC को एक्स्ट्रा टाइम में दो गोल दागकर पराजित किया और फाइनल के लिए जगह पक्की कर ली.
निर्धारित समय तक मुकाबला बेहद संघर्षपूर्ण रहा. दोनों टीमों ने एक-दूसरे के गोलपोस्ट पर लगातार हमले किए, लेकिन गोल नहीं हो सका. इसके बाद मुकाबला एक्स्ट्रा टाइम में पहुंचा, जहां गुमला की बेटियों ने अपने शानदार फिटनेस, धैर्य और आक्रामक खेल का परिचय देते हुए मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया.
इसे भी पढ़ें:
एक्स्ट्रा टाइम में साबरनी व उषा ने दागे गोल
एक्स्ट्रा टाइम में झारखंड की बेटियों ने जबरदस्त दबाव बनाया. इसी दौरान उषा कुमारी ने एक गोल कर टीम को बढ़त दिलाई. इसके बाद साबरनी कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल दागकर झारखंड की बढ़त को और मजबूत कर दिया. इस तरह उषा कुमारी के 1 गोल और साबरनी कुमारी के 2 गोल की बदौलत गुमला की बेटियों ने सेमीफाइनल मुकाबला अपने नाम करते हुए फाइनल में प्रवेश किया.
अब खिताब से एक कदम दूर
गुमला की बेटियों का सुब्रतो कप में सफर लगातार शानदार होता जा रहा है. टीम ने पहले लीग चरण में त्रिपुरा को 3-1 से हराया. इसके बाद लीग के अंतिम मुकाबले में आर्मी पब्लिक स्कूल, दिल्ली को 8-0 से एकतरफा शिकस्त दी. क्वार्टर फाइनल में बिहार को 5-1 से हराकर टीम ने सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया और अब सेमीफाइनल में CISC को एक्स्ट्रा टाइम में पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

