Ranchi : झारखंड में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. हालात ऐसे हैं कि अब सिर्फ दिन ही नहीं, बल्कि रात में भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है. लगातार बढ़ते तापमान और उमस ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया है, जिसके कारण रातें भी गर्म बनी हुई हैं.
राजधानी रांची समेत कई शहरों में सुबह से ही गर्म हवाएं चलने लगी हैं. सुबह 9 बजे के बाद ही लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जा रहा है. दोपहर होने से पहले ही सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा है. जहां आम दिनों में वाहनों की भीड़ रहती थी, वहां अब इक्का-दुक्का वाहन ही नजर आ रहे हैं. पैदल चलने वाले लोग सिर और चेहरे को गमछे से ढंककर धूप और लू से बचने की कोशिश कर रहे हैं.
डालटनगंज राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यहां न्यूनतम तापमान भी 28.4 डिग्री तक पहुंच गया है. बोकारो थर्मल में न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री ज्यादा है. रांची में अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि जमशेदपुर में पारा 41.6 डिग्री तक पहुंच गया.
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण बिहार और आसपास बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर झारखंड पर पड़ रहा है. इसके कारण पलामू, गढ़वा और चतरा समेत उत्तर-पश्चिमी जिलों में हीट वेव की स्थिति बनी हुई है. हालांकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई है, लेकिन इससे उमस और बढ़ गई है.
भीषण गर्मी का असर लोगों की सेहत पर भी साफ दिखाई दे रहा है. गर्म हवाओं की चपेट में आने से बुखार, उल्टी-दस्त और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है. रिम्स के मेडिसिन ओपीडी में बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए पहुंच रहे हैं. डॉक्टरों के अनुसार ओपीडी में आने वाले करीब 40 फीसदी मरीज मौसमी बीमारी से पीड़ित हैं. इनमें उल्टी-दस्त के मरीज सबसे ज्यादा हैं.
अस्पतालों में हार्ट, किडनी और शुगर के मरीजों की परेशानी भी बढ़ गई है. गंभीर स्थिति वाले मरीजों को एहतियातन भर्ती करना पड़ रहा है. बढ़ती मरीजों की संख्या को देखते हुए रिम्स फार्मेसी में ओआरएस और मौसमी बीमारियों से जुड़ी दवाओं का अतिरिक्त स्टॉक रखा गया है.
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तेज हवा और वज्रपात की संभावना जताई है. विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है. रांची समेत कई जिलों में 27 मई से बादल छाने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment