Search

 
 
 

झारखंड सड़क निर्माण विभाग का प्रदर्शन 5 साल के निचले स्तर पर, 4466 करोड़ खर्च कर पूरी की सिर्फ 6 योजनाएं

सड़क निर्माण विभाग की प्रगति रिपोर्ट ने झारखंड में विकास की गति पर सवाल खड़े कर दिए हैं. विभागीय आंकड़ों के मुताबिक सड़क परियोजनाओं के मामले में वित्तीय वर्ष 2025-26 पिछले पांच सालों का सबसे खराब प्रदर्शन करने वाला साल रहा है. विभाग ने इस एक साल में कुल आवंटित बजट का लगभग 99.% खर्च कर दिया, लेकिन उपलब्धि के नाम पर मात्र 6 योजनाएं ही पूरी की जा सकीं.
 
  • वित्त वर्ष 2025-26 रहा विभाग का सबसे फ्लॉप साल
  • 1500 किमी हुआ सड़क निर्माण, फिर भी प्रोजेक्ट क्लोजर में फिसड्डी
  • बजट खर्च करने में दिखाई फुर्ती पर योजनाओं को पूरा करने में सुस्ती

Ranchi : सड़क निर्माण विभाग की प्रगति रिपोर्ट ने झारखंड में विकास की गति पर सवाल खड़े कर दिए हैं. विभागीय आंकड़ों के मुताबिक सड़क परियोजनाओं के मामले में वित्तीय वर्ष 2025-26 पिछले पांच सालों का सबसे खराब प्रदर्शन करने वाला साल रहा है. विभाग ने इस एक साल में कुल आवंटित बजट का लगभग 99.% खर्च कर दिया, लेकिन उपलब्धि के नाम पर मात्र 6 योजनाएं ही पूरी की जा सकीं.

 

बजट स्वीकृति से 1100 करोड़ रूपये अधिक खर्च

हैरानी की बात है कि 2025-26 में कार्य-प्रदर्शन खराब होने के पीछे फंड की कमी कोई वजह नहीं है. विभाग ने इस अवधि के लिए आवंटित 4,488 करोड़ रुपये के बजट में से लगभग पूरी राशि यानी 4,466 करोड़ रुपये खर्च कर दी.


इस दौरान विभाग को 3,365 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हुई. तार्किक रूप से देखें तो विभाग ने नई मंजूरियों से करीब 1,100 करोड़ रुपये अधिक खर्च किए हैं, जो पुरानी देनदारियों के भुगतान की ओर इशारा करता है.


हालांकि, विभाग ने इस साल 1500 किमी सड़क निर्माण का लक्ष्य हासिल किया है. लेकिन जमीन पर केवल 6 योजनाओं का ही पूरा हो पाना प्रोजेक्ट क्लोजर और मैनेजमेंट में गंभीर खामियों की ओर इंगित कर रहा है. 

 

195 से 6 पर लुढ़का ग्राफ

विभाग के पिछले पांच सालों का ट्रैक रिकॉर्ड देखें तो योजनाओं के पूर्ण होने की दर में आई गिरावट चौंकाने वाली है. वित्तीय वर्ष 2021-22 में जहां रिकॉर्ड 195 योजनाएं पूरी की गई थीं, वर्ष 2022-23 में 157 योजनाएं और 2023-24 में 173 योजनाएं पूर्ण हुईं, लेकिन वर्ष 2024-25 में यह संख्या घटकर 85 पर आ गई और अंततः 2025-26 में स्वीकृत 130 योजनाओं में यह अपने सबसे न्यूनतम स्तर मात्र 6 पर सिमट गई. 

 

10866 किलोमीटर सड़क निर्माण में खर्च हुए 23 हजार करोड़

पिछले पांच वर्षों (2021-2026) में विभाग ने कुल 23,413 करोड़ रुपये खर्च कर 10866 किलोमीटर की सड़क निर्माण कराई है. हालांकि, 2025-26 की सुस्ती ने विकास की रफ्तार को धीमा कर दिया है. अब चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सरकार ने 6 हजार करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है, जिसमें से 245 करोड़ रुपये का शुरुआती खर्च भी हो चुका है.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही