Ranchi News : झारखंड में इस बार मॉनसूनी बारिश का असर सभी जिलों में एक जैसा नहीं रहा है. कहीं सामान्य से आधी बारिश हुई, तो कहीं बादल जमकर बरसे. 1 जून से 19 सितंबर तक राज्य में 886.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य बारिश 950.9 मिमी से 7 फीसदी कम है.
राज्य में बारिश सामान्य श्रेणी में है. लेकिन जिला स्तर पर काफी अंतर देखने को मिल रहा है. 10 जिलों में सामान्य से 20 फीसदी या उससे ज्यादा कम बारिश हुई है. पाकुड़ जिले में सबसे ज्यादा बरिश की कमी दर्ज की गई. वहीं पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 41 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की गई है. राजधानी रांची में भी सामान्य से 10 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की गई.
इसे भी पढ़ें
पाकुड़ में सबसे ज्यादा कमी
पाकुड़ में इस अवधि में सिर्फ 542.4 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य बारिश 1082.3 मिमी से 50 फीसदी कम है. यह राज्य में सबसे ज्यादा बारिश की कमी वाला जिला है. इसके बाद चतरा में 37 फीसदी, देवघर में 32 फीसदी और गुमला में 31 फीसदी कम बारिश हुई है.
जबकि साहिबगंज में 29 फीसदी, कोडरमा में 27 फीसदी, गिरिडीह और हजारीबाग में 25-25 फीसदी और गढ़वा में 23 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई. गोड्डा में भी सामान्य से 20 फीसदी कम बारिश हुई है.
पश्चिमी सिंहभूम में सबसे ज्यादा बारिश
पश्चिमी सिंहभूम में 19 सितंबर तक 1329 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य बारिश 943.4 मिमी से 41 फीसदी ज्यादा है. राज्य के 24 जिलों में यह एकमात्र ऐसा जिला है, जहां बारिश अतिरिक्त श्रेणी में रही.
रांची में भी सामान्य से ज्यादा बारिश
राजधानी रांची में 1070.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य बारिश 971.2 मिमी से 10 फीसदी ज्यादा है. लातेहार और सरायकेला-खरसावां में भी 10-10 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की गई.
13 जिलों में बारिश सामान्य
राज्य के 13 जिलों में बारिश सामान्य श्रेणी में रही. इनमें रांची, लातेहार, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, लोहरदगा, सिमडेगा, जामताड़ा, धनबाद, खूंटी, दुमका, रामगढ़, बोकारो और पलामू शामिल हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

