Palamu News : छतरपुर थाना क्षेत्र के भिखही गांव में शराब पीने के बाद हुए विवाद में ससुर ने अपने दामाद की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी. हत्या के बाद दामाद का शव मकई के खेत से बरामद किया गया. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई.
इसे भी पढ़ें...
मृतक की पहचान 40 वर्षीय गांधी भुइयां के रूप में हुई है. वहीं, हत्या का आरोपी उसका ससुर जगदेव भुइयां बताया जा रहा है. घटना की पुष्टि छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ कुमार ने की है.
थाना प्रभारी सौरभ कुमार के अनुसार, बीती रात गांधी भुइयां और उसके ससुर जगदेव भुइयां एक साथ शराब पीने गए थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद के दौरान जगदेव भुइयां ने कुल्हाड़ी से गांधी भुइयां पर हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई.
इसके बाद गांधी भुइयां का शव मकई के खेत में छिपा दिया. घटना की सूचना मिलने पर छतरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए.
पुलिस हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. वहीं, आरोपी जगदेव भुइयां के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

