Ranchi/chatra : झारखंड में वोटर लिस्ट से नाम हटाने के सबसे अधिक मामले चतरा विधानसभा क्षेत्र से हैं. पूरे राज्य में 13443 आवेदन (फॉर्म-7) मिले हैं, इसमें से 4790 आवेदन सिर्फ चतरा विधानसभा से हैं. यह कुल आवेदन का 36 प्रतिशत है. चतरा के अलावा चाईबासा में 1906 और देवघर में 1099 आवेदन नाम हटाने के मिले हैं.
निर्वाचन आयोग ने इन आंकड़ों का दोबारा सत्यापन कराया है. लेकिन किसी तरह की कोई गड़बड़ी सामने नहीं आयी है. लेकिन कांग्रेस पार्टी ने इसे गंभीर मामला बताया है. पार्टी का प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के रवि कुमार से मिलकर इस बारे में जांच की मांग की है.
एक अक्टूबर को जारी आंकड़े के मुताबिक, झारखंड में 43.6 लाख प्रविष्टियों में तार्किक विसंगतियां पायी गयी है. जिन पर 12 अक्टूबर तक सुनवाई होगी. जबकि नाम जोड़ने व हटाने या दावे व आपत्तियां दर्ज कराने की समय सीमा 30 सितंबर को समाप्त हो चुकी है. संशोधित अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 19 अक्टूबर को किया जायेगा.

