Ranchi News : झारखंड में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकानों से मिलने वाली अनुदानित चीनी पर अब संकट गहरा गया है. केंद्र सरकार ने चीनी पर सब्सिडी बंद कर दी है. इसके कारण राज्य में केंद्र प्रायोजित योजना के तहत लाभुकों को चीनी उपलब्ध कराना मुश्किल हो गया है. खाद्य आपूर्ति विभाग के अनुसार, केंद्र से सब्सिडी नहीं मिलने के कारण अब इस योजना के तहत चीनी का वितरण नहीं हो सकेगा.
आखिरी बार अक्टूबर 2024 में दी गई चीनी
राज्य में अंत्योदय अन्न योजना के तहत 8.92 लाख परिवारों को हर महीने एक किलो चीनी अनुदानित दर पर देने का प्रावधान है. लेकिन लंबे समय से लाभुकों को चीनी नहीं मिल रही है. लाभुकों को आखिरी बार अक्टूबर 2024 में एक साथ तीन महीने की चीनी दी गई थी. इसके बाद से पीडीएस दुकानों के माध्यम से चीनी का वितरण बंद है. जनवरी 2025 के बाद से चीनी की खरीद और वितरण नहीं हुआ है.
इसे भी पढ़ें
केंद्र से राशि नहीं मिलने के कारण मुश्किल
खाद्य आपूर्ति विभाग के सचिव राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि पहले अंत्योदय कार्डधारियों को पीडीएस दुकानों के माध्यम से चीनी उपलब्ध कराई जाती थी. इसके लिए केंद्र सरकार की ओर से सब्सिडी दी जाती थी. अब केंद्र सरकार ने चीनी पर सब्सिडी बंद कर दी है. ऐसे में केंद्र प्रायोजित योजना के तहत लाभुकों को चीनी नहीं मिल सकेगी.

