Ranchi: झारखंड प्रीमियर लीग (JPL 2026) के एक रोमांचक मुकाबले में छोटानागपुर रॉयल्स ने जमशेदपुर स्टीलर्स को 85 रनों के विशाल अंतर से करारी शिकस्त दी है. मैच में छोटानागपुर रॉयल्स के कप्तान विराट सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मैदान के चोरों ओर चौकों-छक्कों की बरसात की और शतक जड़ा. इस धमाकेदार जीत के साथ ही छोटानागपुर रॉयल्स ने अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है.
मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी छोटानागपुर रॉयल्स की शुरुआत बेहद शानदार रही. सलामी बल्लेबाज मोहम्मद नाज़िम सिद्दीकी ने 32 गेंदों में 54 रनों की तेज तर्रार पारी खेलकर टीम को मजबूत आधार दिया. इसके बाद कप्तान विराट सिंह का तूफान देखने को मिला, जिन्होंने महज 58 गेंदों का सामना करते हुए 7 चौके और 6 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 106 रनों की शतकीय पारी खेली.
मध्यक्रम में श्रेष्ठ सागर के उपयोगी 25 रनों के योगदान की बदौलत छोटानागपुर रॉयल्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 211 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. जमशेदपुर स्टीलर्स की ओर से हर्ष राणा, अमन कुमार सिंह, शक्ति सिंह और प्रांजल कुमार को एक-एक सफलता मिली.
212 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी जमशेदपुर स्टीलर्स की टीम शुरुआत से ही दबाव में बिखर गई और नियमित अंतराल पर अपने विकेट गंवाती रही. छोटानागपुर रॉयल्स के गेंदबाजों के सटीक लाइन-लेंथ के आगे स्टीलर्स का कोई भी बल्लेबाज टिक कर खेलने में नाकाम रहा. जमशेदपुर की तरफ से हर्ष राणा ने सर्वाधिक 43 रन और शक्ति सिंह ने 22 रनों का संघर्षपूर्ण योगदान दिया.
पूरी टीम 19.1 ओवरों में महज 126 रनों पर ही सिमट गई. छोटानागपुर की ओर से घातक गेंदबाजी करते हुए राहुल रजक ने अपने 2 ओवरों में मात्र 11 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि दीपांशु रजत और दुर्गेश कुमार ने दो-दो विकेट झटके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment