Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Khunti News: उग्रवाद पर पुलिस की लगाम, खूंटी से PLFI के 7 नक्सली गिरफ्तार

तोरपा और कर्रा थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई लेवी वसूली, फायरिंग और आगजनी की घटनाओं के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई से जुड़े सात नक्सलियों को गिरफ्तार किया है.
Advertisement
Advertisement

Khunti: तोरपा और कर्रा थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई लेवी वसूली, फायरिंग और आगजनी की घटनाओं के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई से जुड़े सात नक्सलियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से हथियार, गोलियां, मोबाइल फोन और संगठन के पर्चे बरामद किए गए हैं.

 

एसपी ने बताया कि उग्रवादियों द्वारा क्षेत्र में लेवी मांगने, फायरिंग करने और आगजनी की घटनाओं को अंजाम दिए जाने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, तोरपा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था. टीम लगातार सूचना संग्रह और छापेमारी अभियान चला रही थी.

 

इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि तोरपा थाना क्षेत्र में नक्सली श्रवण दास उर्फ फगुआ दास अपने सहयोगियों के साथ अलंकेल के पास सुंदरारी जाने वाले मार्ग में हथियारों के साथ किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा है. सूचना के आधार पर तोरपा, कर्रा, जरियागढ़, रनिया और तपकरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया.

 

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान श्रवण दास ने हाल के दिनों में हुई उग्रवादी घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. उसने पुलिस को बताया कि कुछ हथियार जरियागढ़ थाना क्षेत्र के बरवादाग जंगल में छिपाकर रखे गए हैं. इसके बाद पुलिस उसकी निशानदेही पर जंगल पहुंची और वहां से दो हथियार तथा गोलियां बरामद की.

 

एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि बरामदगी के बाद जब पुलिस टीम आरोपी श्रवण दास को जंगल से बाहर ला रही थी, तभी उसने जरियागढ़ थाना प्रभारी का हथियार छीन लिया और पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया. घायल आरोपी को इलाज के लिए रिम्स, रांची में भर्ती कराया गया है.

 

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देसी पिस्तौल, एक सेमी ऑटोमेटिक पिस्तौल, 21 जिंदा गोलियां, दो मोबाइल फोन तथा पीएलएफआई के छह पर्चे बरामद किए हैं. वहीं बरवादाग जंगल से एक देसी पिस्तौल, एक देसी नाली बंदूक, अतिरिक्त मैगजीन और सात जिंदा गोलियां भी बरामद की गईं.

 

गिरफ्तार आरोपियों में सुदर्शन सोय उर्फ सुधीर उर्फ सोना सोय, सलीम बोदरा उर्फ रोडे, श्रवण दास उर्फ फगुआ दास, सामु डोडराय, विष्णु मांझी उर्फ एडी, हर्षित गुड़िया उर्फ बोयदा पाहन और उमर खान उर्फ नील खान शामिल हैं. एसपी ने कहा कि पीएलएफआई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही