Search

 
 
 

Jharkhand T20 League : कोयलांचल सुपरकिंग्स ने छोटानागपुर रॉयल्स को 13 रनों से हराया

झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग मैच के तहत खेले गए एक बेहद रोमांचक क्रिकेट मुकाबले में कोयलांचल सुपरकिंग्स ने छोटानागपुर रॉयल्स को 13 रन से मात देकर शानदार जीत दर्ज की है. कोयलांचल सुपरकिंग्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 156 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया. जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी छोटानागपुर रॉयल्स की टीम 19.3 ओवरों में 143 रनों पर ही ढेर हो गई.
 
  • योगेश भास्कर और श्रेष्ठ सागर की शानदार पारी

Ranchi :  झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग मैच के तहत खेले गए एक बेहद रोमांचक क्रिकेट मुकाबले में कोयलांचल सुपरकिंग्स ने छोटानागपुर रॉयल्स को 13 रन से मात देकर शानदार जीत दर्ज की है. कोयलांचल सुपरकिंग्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 156 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया. जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी छोटानागपुर रॉयल्स की टीम 19.3 ओवरों में 143 रनों पर ही ढेर हो गई.

 

कोयलांचल सुपरकिंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने महज 7 रन के कुल योग पर अपने शीर्ष 3 विकेट गंवा दिए. इसके बाद मध्यक्रम में बल्लेबाजी करने आए योगेश भास्कर ने मोर्चा संभाला और 38 गेंदों में 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 56 रनों की ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को संकट से निकाला. योगेश भास्कर का अमित कुमार ने बखूबी साथ दिया, उन्होंने 20 गेंदों में 24 रन बनाए. 

 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी छोटानागपुर रॉयल्स की ओर से सलामी बल्लेबाज श्रेष्ठ सागर ने 52 गेंदों में 69 रनों की जुझारू पारी खेली. लेकिन दूसरे छोर से निरंतर अंतराल पर विकेट गिरते रहने के कारण उनकी यह पारी बेकार गई. मध्यक्रम में चंदन कुमार ने भी 14 गेंदों में 28 रनों का योगदान दिया, मगर वह टीम को जीत की दहलीज पार कराने में असफल रहे.

 

कोयलांचल सुपरकिंग्स के गेंदबाजों ने बेहद अनुशासित प्रदर्शन किया. राहुल प्रसाद ने सबसे किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवरों में महज 18 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए, जिसने छोटानागपुर रॉयल्स की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. इसके अलावा जुनैद अशरफ, शुभम शर्मा, हर्ष राज, उत्कर्ष सिंह और अमित कुमार ने भी एक-एक विकेट लेने में सफलता हासिल की. 

 

वहीं छोटानागपुर रॉयल्स की ओर से गेंदबाजी में मोहित कुमार और राहुल रजक ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 2-2 विकेट हासिल किए. जबकि दीप्तांशु राजत, विकास सिंह और सुप्रियो चक्रवर्ती ने 1-1 विकेट चटकाए. इस तरह दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, जिसमें अंततः कोयलांचल सुपरकिंग्स ने बाजी मार ली. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही