Ranchi News : ओडिशा के प्रसिद्ध तीर्थ एवं पर्यटन नगरी पुरी में झारखंड सरकार जल्द ही अपना स्थायी गेस्ट हाउस बनाने जा रही है. समुद्र तट के समीप प्रस्तावित इस भवन के निर्माण पर करीब 99 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने परियोजना की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) को मंजूरी दे दी है. अब प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी चल रही है.
वर्तमान में पुरी में झारखंड सरकार का गेस्ट हाउस किराए के भवन में संचालित होता है. स्थायी भवन के निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार किया जा चुका है और भवन निर्माण विभाग से परियोजना को तकनीकी स्वीकृति भी मिल गई है.
प्रस्तावित गेस्ट हाउस में झारखंड से पुरी आने वाले मंत्रियों, सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के अलावा आम लोगों के ठहरने की भी व्यवस्था होगी. हालांकि, ठहरने के लिए संबंधित विभाग के माध्यम से पूर्व बुकिंग करानी होगी.
ओडिशा सरकार ने झारखंड को इस परियोजना के लिए पुरी सदर क्षेत्र के बालुखंडा गांव में करीब 0.35 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई है. यह भूखंड समुद्र तट के नजदीक और कोणार्क वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र के आसपास स्थित है. प्रस्तावित गेस्ट हाउस भगवान जगन्नाथ मंदिर से करीब 8 किलोमीटर की दूरी पर बनाया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

