Ranchi : झारखंड के लिए यह बड़ी उपलब्धि है कि स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में आयोजित होने वाली 7 राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी राज्य को सौंपी है. इन प्रतियोगिताओं का आयोजन स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग, झारखंड के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC), रांची द्वारा किया जाएगा.
इन राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देशभर के विभिन्न राज्यों और संबद्ध इकाइयों सहित लगभग 42 इकाइयों के हजारों खिलाड़ी, प्रशिक्षक, तकनीकी पदाधिकारी और टीम प्रबंधक भाग लेंगे.झारखंड को जिन खेलों की मेजबानी मिली है, उनमें फुटबॉल (अंडर-14 व अंडर-17 बालिका), साइक्लिंग (ट्रैक) (अंडर-14, अंडर-17 व अंडर-19 बालक व बालिका), वुशु (अंडर-19 बालक व बालिका), बास्केटबॉल (अंडर-19 बालिका), योगासन (अंडर-19 बालक व बालिका), ताइक्वांडो (अंडर-19 बालक व बालिका) तथा हॉकी (अंडर-17 बालक) शामिल हैं.
प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं. राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी सह आयोजन सचिव धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि सात राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी झारखंड के लिए गर्व के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है.
यह राज्य की खेल अधोसंरचना, आयोजन क्षमता और स्कूली खेलों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है. उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास रहेगा कि सभी प्रतियोगिताओं का आयोजन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप, पारदर्शी, सुरक्षित और सफल तरीके से कराया जाए, ताकि देशभर से आने वाले खिलाड़ियों को झारखंड में बेहतर अनुभव मिले.
धीरसेन ए. सोरेंग ने बताया कि पिछले सत्र में झारखंड को 5 राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी मिली थी, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 7 हो गई है. उन्होंने कहा कि यह राज्य की बढ़ती खेल क्षमता और उत्कृष्ट आयोजन दक्षता का परिचायक है तथा इससे झारखंड देश के अग्रणी खेल आयोजक राज्यों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment