Ranchi News : झारखंड में मौसम आंख मिचौली का खेल खेल रही है. राजधानी समेत कई जिलों में कभी बारिश तो कभी धूप निकल जा रहा है. रांची में आज सोमवार की सुबह से ही बादल छाए हैं. इस बीच मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना जताई है. कई इलाकों में भारी बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार, 31 अगस्त को राज्य के लगभग सभी हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे. कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन हो सकता है. सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है. इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और राज्य के मध्य हिस्सों में भी भारी बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग ने पूरे राज्य में वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है. साथ ही लोगों को खराब मौसम में सतर्क रहने की सलाह दी गई है. आईएमडी की मानें तो 1 सितंबर को भी बारिश का दौर जारी रह सकता है. राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
इस दिन भी वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, रांची, खूंटी, लोहरदगा और गुमला समेत कई इलाकों के लिए विशेष अलर्ट जारी किया गया है. वहीं 2 सितंबर से 5 सितंबर तक राज्य में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश या मेघ गर्जन हो सकता है.
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है. राजधानी रांची में 31 अगस्त को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री रहने का अनुमान है. वहीं 1 सितंबर को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री के आसपास रह सकता है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

