- 13 और 14 मई को ऑरेंज अलर्ट
- रांची में अगले 5 दिन बदला रहेगा मौसम
Ranchi: झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है. राज्य के कई जिलों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात की गतिविधियां बढ़ गई हैं. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है. राजधानी रांची में शनिवार को ओलावृष्टि भी दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट महसूस की गई.
गर्मी में मिली राहत
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई. सबसे ज्यादा 21.2 मिमी वर्षा बोकारो थर्मल में रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा जमशेदपुर में 20.2 मिमी, सिमडेगा के बानो में 19 मिमी और चाईबासा में 15.1 मिमी बारिश दर्ज की गई.
तापमान में गिरावट
तापमान की बात करें तो पलामू जिले के डालटनगंज में सबसे अधिक 39.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. वहीं रांची के कांके इलाके में न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस रहा. राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री और न्यूनतम 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यहां 14.6 मिमी बारिश भी हुई.
13 और 14 मई को ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 13 और 14 मई को राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. विभाग के मुताबिक इन दिनों 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. साथ ही गरज के साथ बारिश और वज्रपात की भी आशंका है.
13 मई को रांची, बोकारो, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, धनबाद, लोहरदगा, गुमला और खूंटी सहित दक्षिणी जिलों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है. वहीं 14 मई को दुमका, देवघर, जामताड़ा समेत कई जिलों में भी खराब मौसम का असर देखने को मिल सकता है.
येलो अलर्ट भी जारी
10 से 12 मई तक राज्य के कई हिस्सों में येलो अलर्ट लागू रहेगा. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है. गढ़वा, चतरा, पलामू, लातेहार, साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा और गिरिडीह समेत कई जिलों में लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है.
रांची में अगले 5 दिन बदला रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार रांची और आसपास के इलाकों में अगले पांच दिनों तक बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान 31 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment