Ranchi : झारखंड में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. इसके साथ ही कई जिलों में गरज के साथ बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना भी जताई गई है.
मौसम विभाग ने 1 से 3 जून तक राज्य के दक्षिणी और मध्य भाग के जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात होने की चेतावनी जारी की है.
वहीं पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 4 जून को देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज सहित उत्तर-पूर्वी झारखंड के कई जिलों में भी बारिश और गर्जन की संभावना जताई गई है.
रांची में सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है. इस दौरान राजधानी का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. हालांकि 4 और 5 जून को मौसम शुष्क रहने और आसमान साफ रहने के आसार हैं, जिससे तापमान बढ़कर 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
पिछले 24 घंटों की बात करें तो राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई. हजारीबाग (डीवीसी) में सबसे अधिक 9.6 मिमी वर्षा हुई. वहीं सिमडेगा में 2.6 मिमी और गारू में 1.0 मिमी बारिश दर्ज की गई.
तापमान की बात करें तो डाल्टनगंज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं लातेहार में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
रांची में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जमशेदपुर में अधिकतम 34.4 डिग्री, बोकारो में 35.5 डिग्री और चाईबासा में 35.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment