Ranchi News : झारखंड में आज 19 अगस्त को मौसम का मिजाज बदला रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. पलामू, लातेहार, गढ़वा, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
रांची की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी झारखंड और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बिहार पर बना डीप डिप्रेशन पिछले 6 घंटे में 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ा है. अगले 12 घंटे में इसके झारखंड, दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ने की संभावना है. इसके बाद यह कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है.
आज और कल वज्रपात का खतरा
19 और 20 अगस्त को पूरे झारखंड में कहीं-कहीं बादल गर्जने के साथ वज्रपात हो सकता है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलने की संभावना है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.21 से 25 अगस्त तक किसी खास अलर्ट की घोषणा नहीं की गई है. हालांकि इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश या बादल गर्जने की संभावना बनी रहेगी.
पतरातू में 190 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटे में झारखंड के लगभग सभी हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई. कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई. रामगढ़ के पतरातू में सबसे ज्यादा 190 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई.इसके अलावा चंदवा में 160.6 मिमी, महुआडांड़ में 132 मिमी, लातेहार में 131.2 मिमी, भंडरिया में 131 मिमी और रांची के बेरो में 112 मिमी बारिश हुई.
चाईबासा सबसे गर्म, लातेहार सबसे ठंडा
राज्य में सबसे अधिक तापमान चाईबासा में 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 21.3 डिग्री सेल्सियस रहा.
अगले 3 दिन बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद दो दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है.
रांची में रोज होगी बारिश
राजधानी रांची में 19 से 25 अगस्त तक आसमान में सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे. हर दिन एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. इस दौरान रांची का अधिकतम तापमान 26 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

