Ranchi: झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने पूरे राज्य को कवर कर लिया है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में कई जिलों में तेज बारिश, वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना है. इसके साथ ही तापमान में भी 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है.
पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा 64.5 मिमी बारिश बहरागोड़ा में हुई. नाला में 63.8 मिमी, मासानजोर में 55.8 मिमी, खूंटी के दियाकेल में 54 मिमी और डालटनगंज में 41.2 मिमी बारिश दर्ज की गई. चाईबासा में 28.2 मिमी, जमशेदपुर में 12.2 मिमी और रांची में 5.4 मिमी बारिश हुई.
तापमान की बात करें तो सबसे ज्यादा गर्मी डालटनगंज में रही, जहां अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं लातेहार सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. जमशेदपुर, सरायकेला, चाईबासा, लोहरदगा, रांची और बोकारो में भी गर्मी का असर बना रहा.
मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों में तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है. इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी. 30 जून को लातेहार, लोहरदगा, रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. इन इलाकों में तेज हवा और वज्रपात का भी खतरा है.
1 और 2 जुलाई को बारिश का दायरा और बढ़ जाएगा. देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, बोकारो, धनबाद, रामगढ़, रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा, जमशेदपुर और चाईबासा समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
3 से 5 जुलाई के बीच भी राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. 5 जुलाई को कुछ इलाकों में फिर से भारी बारिश हो सकती है.
राजधानी रांची में 30 जून से 4 जुलाई तक आसमान में बादल छाए रहेंगे. इस दौरान रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें. वज्रपात और तेज हवा के समय सुरक्षित जगह पर ही रहें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment