Search

 
 
 

Jharkhand Weather: बारिश और लू साथ-साथ, झारखंड में मौसम का दोहरा असर

झारखंड में मॉनसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों में राज्य के बाकी हिस्सों में भी दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं.
 

Ranchi: झारखंड में मॉनसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों में राज्य के बाकी हिस्सों में भी दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं.

 

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक 50.3 मिलीमीटर बारिश चाईबासा में हुई. इसके अलावा करमाटांड़ में 48.2 मिमी, जामताड़ा में 36.4 मिमी, नाला में 31.8 मिमी, लोहरदगा में 27.4 मिमी, जमशेदपुर में 24.2 मिमी और रांची में 15 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.

 

वहीं तापमान की बात करें तो डाल्टनगंज राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जबकि लातेहार सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

 

मौसम विभाग ने 25 और 26 जून के लिए गढ़वा, पलामू और चतरा जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है. इन इलाकों में मेघ गर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. राज्य के अन्य हिस्सों में भी तेज हवा और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. 27 से 30 जून तक झारखंड के विभिन्न जिलों में छिटपुट स्थानों पर वज्रपात और तेज हवाएं चलने की आशंका बनी रहेगी.

 

रांची और आसपास के क्षेत्रों में 25 से 27 जून तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. 28 और 29 जून को भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान घटकर 30 से 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

 

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक राज्य के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. हालांकि इसके बाद दो दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

 

हालांकि मॉनसून की रफ्तार बढ़ने के बावजूद झारखंड में अब तक सामान्य से काफी कम बारिश हुई है. 1 जून से 25 जून तक राज्य में सामान्य 139.9 मिमी के मुकाबले केवल 58.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 58 प्रतिशत कम है. बोकारो में 67 प्रतिशत, पूर्वी सिंहभूम में 65 प्रतिशत, धनबाद में 55 प्रतिशत और रांची में 14 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही