Search

 
 
 

बारिश के बीच जवानों ने किया पासिंग आउट परेड, CM हेमंत ने दी नई जिम्मेदारियों की सीख

डोरंडा स्थित जैप-1 परिसर में आयोजित पासिंग आउट परेड से पहले गुरुवार को हुई मूसलाधार बारिश भी जवानों के हौसले को नहीं डिगा सकी. तेज बारिश के बीच सभी प्रशिक्षु जवान ट्रेड लाइन में पूरी अनुशासन और मुस्तैदी के साथ खड़े रहे. जवानों के समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की यह तस्वीर सभी का ध्यान आकर्षित कर रही है.
 

Ranchi :  डोरंडा स्थित जैप-1 परिसर में गुरुवार को आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए. तेज बारिश के बावजूद प्रशिक्षु डीएसपी और जवान पूरे अनुशासन के साथ परेड में डटे रहे. मुख्यमंत्री ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और परेड का निरीक्षण किया. इस दौरान उनके साथ एडीजी प्रिया दुबे भी मौजूद रहीं. 

 

Uploaded Image

 

पासिंग आउट परेड में छह पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) और 334 प्रशिक्षु पुलिसकर्मियों ने सफलतापूर्वक अपना प्रशिक्षण पूरा किया. समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु डीएसपी और जवानों को सम्मानित किया गया. फायरिंग, शारीरिक दक्षता और प्रशिक्षण के विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले जवानों को पुरस्कार प्रदान किए गए. 

Uploaded Image

 

 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि यह पासिंग आउट परेड राज्य के लिए गौरव का क्षण है.  प्रशिक्षुओं ने लगभग 30 सप्ताह का कठिन प्रशिक्षण पूरा किया है और अब वे पुलिस सेवा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालने जा रहे हैं.

 

उन्होंने कहा कि इस बैच में लगभग 25 प्रतिशत महिलाएं शामिल हैं, जो एक सकारात्मक संकेत है. राज्य सरकार चाहती है कि भविष्य में पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी और अधिक बढ़े और वे नेतृत्वकारी भूमिका में आगे आएं. 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि तेज बारिश के बीच शपथ लेना केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता की सेवा और लोकतंत्र की रक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है. पुलिस की वर्दी सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राज्य की सुरक्षा का दायित्व है. उन्होंने जवानों से कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने का आह्वान किया.

 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए विशेष व्यवस्थाएं कर रही है. साथ ही पुलिस परिवारों के बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए स्कूलों की व्यवस्था भी की जा रही है. मुख्यमंत्री ने सभी प्रशिक्षु अधिकारियों और जवानों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं. 

 

बारिश के बीच आयोजित यह पासिंग आउट परेड प्रशिक्षुओं के उत्साह, अनुशासन और सेवा भावना का प्रतीक बन गई, जिसकी उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की. समारोह में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्र के अलावा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) प्रिया दुबे , अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) मनोज कौशिक, पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) प्रभात कुमार, पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) पंकज कंबोज, पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सुनील भास्कर, पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) माइकल राज एस., पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अनूप बिथेरे, पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) मयूर पटेल, पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कन्हैया लाल, पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सुदर्शन मंडल, पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) मनोज रतन, पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) इंद्रजीत माहथा, पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) वाई. एस. रमेश, पुलिस उपमहानिरीक्षक(डीआईजी)  शैलेन्द्र बरनवाल, पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) संध्या रानी मेहता और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राकेश रंजन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित हैं. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही