Ranchi: झारखंड में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा. मौसम विभाग रांची की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई जिलों में गरज के साथ बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने अलग-अलग दिनों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग के अनुसार 17 से 23 मई तक रांची में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और कई जगहों पर मेघ गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है. 19 मई को धनबाद और गिरिडीह में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं 20 मई को हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, रांची, खूँटी, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में भी ऑरेंज अलर्ट रहेगा.
17 मई को रांची, बोकारो, गुमला, खूँटी, रामगढ़, लोहरदगा, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पलामू, गढ़वा और लातेहार जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. 18 मई को उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में येलो अलर्ट रहेगा.
मौसम विभाग ने 21 से 23 मई तक भी राज्य के अधिकतर जिलों में गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है. अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, इसके बाद तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है.
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक 18 मिमी बारिश पश्चिमी सिंहभूम के मंझारी में हुई. वहीं राज्य का सबसे अधिक तापमान डालटनगंज में 41.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. सबसे कम न्यूनतम तापमान काँके में 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.
रांची में शनिवार को अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा. 19 मई को रांची का तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

