Ranchi : झारखंड में मौसम लगातार बदल रहा है. राज्य के कुछ हिस्सों में गर्मी बढ़ रही है, वहीं कई जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवा की चेतावनी जारी की गई है.पिछले 24 घंटों में राज्य का मौसम शुष्क रहा. पलामू जिला अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा. वहीं गुमला में न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सबसे कम रहा.
मौसम विभाग के अनुसार, आज राज्य के कई जिलों में मौसम खराब हो सकता है. रांची, बोकारो, गुमला, खूंटी, लोहरदगा, हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में ओलावृष्टि के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इन इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका है.
इसके अलावा गढ़वा, चतरा, पलामू, लातेहार, साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा, दुमका, देवघर, जामताड़ा और गिरिडीह में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है.
राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री और न्यूनतम 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 20.2 डिग्री रहा. बोकारो में अधिकतम 35.5 और न्यूनतम 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. चाईबासा में अधिकतम तापमान 36.4 और न्यूनतम 20.6 डिग्री रहा.
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में तापमान में 2 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद अगले दिन 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है. 28 मार्च को भी राज्य के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें. खुले स्थानों पर जाने से बचें और सुरक्षित जगह पर रहें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment