Ranchi News: दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में रविवार को आयोजित कांग्रेस की ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ रैली में झारखंड के हजारों कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने हिस्सा लिया. मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बंधु तिर्की के नेतृत्व में पहुंचे झारखंड के लोगों ने रैली में राज्य की कला, संस्कृति और पारंपरिक पहचान को भी प्रदर्शित किया.
रैली में टाना भगत समुदाय के लोगों ने पारंपरिक भेरी बजाकर अपनी मौजूदगी दर्ज करायी. भेरी की गूंज के बीच झारखंडी परंपरा और अस्मिता की झलक राष्ट्रीय मंच पर देखने को मिली.
इसे भी पढ़ें:
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि राहुल गांधी के आह्वान पर आयोजित इस रैली में उमड़ी भीड़ देश में लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा को लेकर लोगों की चिंता और एकजुटता को दर्शाती है. कहा कि चोरी और छल के सहारे खड़ा किया गया कोई भी साम्राज्य लंबे समय तक नहीं टिक सकता.

उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल राजनीतिक रैली नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और देश के भविष्य की रक्षा का संकल्प है. जनता अपने मताधिकार को लेकर सजग है और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने के किसी भी प्रयास का विरोध करेगी.
शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि झारखंड से हजारों लोगों की भागीदारी ने यह संदेश दिया है कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के मुद्दे पर राज्य के लोग भी राष्ट्रीय स्तर पर चल रहे अभियान के साथ खड़े हैं. रैली में झारखंड की सांस्कृतिक पहचान और टाना भगत समुदाय की पारंपरिक प्रस्तुति ने राज्य की अलग छाप छोड़ी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

