Ranchi News: झारखंड की बेटियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए 32वें चरणजीत राय नेहरू गर्ल्स हॉकी टूर्नामेंट (अंडर-17) का खिताब अपने नाम कर लिया. मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका उच्च विद्यालय, सिमडेगा की टीम ने 19 अक्टूबर को नई दिल्ली के शिवाजी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में डायरेक्टोरेट जनरल एनसीसी, सोनीपत को 2-1 गोल से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया. विजेता टीम को पुरस्कार के रूप में 1 लाख 60 हजार रुपये दिए गए.
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के तहत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के नेतृत्व में टीम ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था. फाइनल में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला. पहले क्वार्टर में कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी. दूसरे क्वार्टर में झारखंड की राजमुनी कुमारी ने 21वें मिनट में फील्ड गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई.
इसे भी पढ़ें -
तीसरे क्वार्टर में सोनीपत की आरती कुमारी ने 38वें मिनट में गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया. इसके बाद झारखंड की खिलाड़ियों ने धैर्य और बेहतर तालमेल के साथ खेल जारी रखा. चौथे क्वार्टर में 53वें मिनट में आरती कुमारी ने एक और फील्ड गोल दागकर झारखंड को 2-1 की निर्णायक बढ़त दिला दी. निर्धारित समय तक सोनीपत की टीम बराबरी नहीं कर सकी और झारखंड ने खिताब जीत लिया.
फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए निपुणता कुल्लू को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया. पुरस्कार वितरण समारोह में एलिकॉन ग्रुप के सीईओ सुनीत भटनागर मुख्य अतिथि और 2026 एशियन गेम्स की हॉकी स्वर्ण पदक विजेता ज्योति रामावत विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं.
मौके पर उपस्थित राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले में आत्मविश्वास, अनुशासन और बेहतरीन तालमेल का परिचय दिया. स्कोर बराबर होने के बाद भी टीम ने धैर्य बनाए रखा और बेहतर रणनीति के दम पर जीत हासिल की. यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है.
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी मनोज कुमार, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग और राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने विजेता टीम को बधाई दी और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

