Search

 
 
 

झारखंड की बेटियों ने दिखाया दमखम: 69वीं राष्ट्रीय स्कूली बॉक्सिंग प्रतियोगिता में जीते 3 मेडल

बंगलुरू के जलाहल्ली स्थित संत क्लेरेट पीयू कॉलेज में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली बॉक्सिंग (एसजीएफआई) अंडर-19 प्रतियोगिता में झारखंड की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का गौरव बढ़ाया है. कड़े और चुनौतीपूर्ण मुकाबलों के बीच झारखंड की खिलाड़ियों ने अदम्य साहस, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय देते हुए दो रजत एवं एक कांस्य पदक अपने नाम किया.
 

Ranchi: बंगलुरू के जलाहल्ली स्थित संत क्लेरेट पीयू कॉलेज में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली बॉक्सिंग (एसजीएफआई) अंडर-19 प्रतियोगिता में झारखंड की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का गौरव बढ़ाया है. कड़े और चुनौतीपूर्ण मुकाबलों के बीच झारखंड की खिलाड़ियों ने अदम्य साहस, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय देते हुए दो रजत एवं एक कांस्य पदक अपने नाम किया.

 

4 से 9 फरवरी 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की अगुवाई में राज्य की टीम ने भाग लिया. प्रतियोगिता में झारखंड की बेटियों का प्रदर्शन न केवल पदकों तक सीमित रहा, बल्कि यह ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाली छात्राओं की प्रतिभा और राज्य में सशक्त होते खेल माहौल का प्रेरक उदाहरण भी बना.

 

प्रतियोगिता के 45 किलोग्राम भार वर्ग में जेसिका खेस ने फाइनल मुकाबले में महाराष्ट्र की खिलाड़ी से पराजित होकर रजत पदक हासिल किया. वहीं 54 किलोग्राम भार वर्ग में अमीषा केरकेट्टा ने दिल्ली की मुक्केबाज से फाइनल मुकाबला खेलते हुए रजत पदक अपने नाम किया. इसके अलावा 57 किलोग्राम भार वर्ग में नीता रोज तिग्गा ने सेमीफाइनल में हरियाणा की खिलाड़ी से हार के बाद कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा. 


राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि झारखंड की बेटियां खेल के हर मंच पर नई ऊचाइयां छू रही हैं और आने वाले समय में देश-विदेश में राज्य का नाम रोशन करेंगी.

 

झारखंड बॉक्सिंग टीम ने कोच अनुपम तिवारी, परवीन यादव, बीबी मोहती तथा टीम मैनेजर अनु कुमारी के कुशल मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, जिनका योगदान सराहनीय रहा.

 

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग सहित राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही