Ranchi: झारखण्ड औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार यानी (जियाडा) द्वारा गठित प्रोजेक्ट क्लियरेंस कमिटी (पीसीसी) की बैठक आज मंगलवार को जियाडा भवन में हुई. प्रबंध निदेशक वरुण रंजन की अध्यक्षता में हुई बैठक में फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा मुख्य रूप से शामिल हुए.
बैठक में नए औद्योगिक प्रोजेक्ट्स के आवेदनों पर विचार करते हुए उन्हें स्वीकृति प्रदान की गई. स्वीकृत परियोजनाओं में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर, मैन्युफैक्चरिंग वॉटर स्टोरेज टैंक, पीवीसी पाइप तथा केमिकल अर्थिंग जैसे उद्योग शामिल हैं. ये परियोजनाएं नामकोम, बरहे, बरही एवं कोकर औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित की जाएंगी. इन प्रोजेक्ट्स से क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना है.
बैठक के दौरान चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने देवीपुर औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए कहा कि जिन उद्यमियों को भूमि आवंटित की जा चुकी है. उन्हें शीघ्र पजेशन दिलाया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि वर्तमान में भूमि आवंटन के बाद भी पजेशन देने में अनावश्यक विलंब हो रहा है. उन्होंने सुझाव दिया कि भूमि आवंटन के अधिकतम 30 दिनों के भीतर पजेशन सुनिश्चित किया जाए. साथ ही सभी औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी बल दिया.
नए औद्योगिक क्षेत्रों की पहचान के संबंध में चैंबर अध्यक्ष के आग्रह पर जियाडा की ओर से अन्य जिलों में औद्योगिक भूमि के विस्तार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई. साथ ही वर्तमान औद्योगिक क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई गई.
जियाडा के प्रबंध निदेशक वरुण रंजन ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि आवश्यकता पड़ने पर प्रत्येक 15 दिनों में पीसीसी की बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि उद्यमियों से जुड़े मामलों का जल्द समाधान हो सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें



Leave a Comment