Search

 
 
 

झारखंडः अग्निशमन विभाग की तैयारी, 12वीं मंजिल तक आग बुझाएगा 118 फीट ऊंचा वाटर टावर

Ranchi News: भारत बेंज चेसिस पर आधारित और श्विंग स्टेटर व टीसीएस द्वारा निर्मित इस दमकल वाहन में चार सेक्शन वाला फोल्डिंग हाइड्रोलिक बूम लगा है. साधारण सीढ़ी वाली दमकल गाड़ियों के विपरीत, इसका बूम 'जेड' आकार में मुड़ने की क्षमता रखता है.
 
अत्याधुनिक हाइड्रोलिक दमकल वाहन
  • हाइड्रोलिक बूम से आग बुझाना होगा आसान
  • दूर खड़े होकर रिमोट कंट्रोल से होगा संचालन
  • 6 दिसंबर को हरी झंडी दिखा सकते हैं सीएम

Ranchi News: बहुमंजिला इमारतों में आग लगने की घटनाओं से निपटने के लिए दो अत्याधुनिक हाइड्रोलिक दमकल वाहन रांची पहुंच चुके हैं. तकनीकी रूप से 'आर्टिकुलेटिंग वाटर टावर' (AWT) कहलाने वाले ये विशेष वाहन 36 मीटर की ऊंचाई तक पहुंचकर 12 मंजिला तक की इमारतों में लगी आग को आसानी से बुझा सकते हैं. फिलहाल अग्निशमन विभाग की ओर से इन दोनों वाहनों की तकनीकी टेस्टिंग और ट्रायल की प्रक्रिया चल रही है.  

इसे भी पढ़ें:

भारत बेंज चेसिस पर आधारित और श्विंग स्टेटर व टीसीएस द्वारा निर्मित इस दमकल वाहन में चार सेक्शन वाला फोल्डिंग हाइड्रोलिक बूम लगा है. साधारण सीढ़ी वाली दमकल गाड़ियों के विपरीत, इसका बूम 'जेड' आकार में मुड़ने की क्षमता रखता है. इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि इमारत के सामने पेड़, बिजली के तार या चहारदीवारी जैसी रुकावटें होने के बावजूद इसका बूम ऊपर से घूमकर सीधे आग वाले हिस्से तक पहुंच सकता है.  

 

इस वाहन की पहुंच 36 मीटर (करीब 118 फीट) और क्षैतिज पहुंच करीब 31 मीटर है. यह 360 डिग्री तक घूमकर चारों तरफ पानी और फोम की तेज बौछार कर सकता है. खतरनाक स्थिति में दमकल कर्मियों को आग और धुएं के बिल्कुल करीब जाने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि इसके विशाल बूम और नोजल (वाटर मॉनिटर) को नीचे सुरक्षित दूरी पर खड़े होकर वायरलेस रिमोट कंट्रोल से ऑपरेट किया जा सकता है.

 

विभागीय स्तर पर टेस्टिंग पूरी होने के बाद आगामी 6 दिसंबर को गृह रक्षा वाहिनी की स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इन दोनों वाहनों को हरी झंडी दिखा सकते हैं. मुख्यमंत्री द्वारा हरी झंडी दिखाए जाने के बाद ही इन दमकल वाहनों को आधिकारिक रूप से अग्निशमन विभाग के बेड़े में शामिल किया जाएगा.

 

धुर्वा केंद्र में खड़े 40 अन्य दमकल वाहनों को भी मिलेगी हरी झंडी 

इन दो विशाल वाहनों के साथ ही मुख्यमंत्री 40 अन्य हाईटेक दमकल वाहनों को भी हरी झंडी दिखाकर राज्य के विभिन्न फायर स्टेशनों के लिए रवाना करेंगे. 3000 लीटर पानी की क्षमता वाले ये सभी 40 वाहन पहले ही रांची आ चुके हैं और वर्तमान में धुर्वा स्थित प्रशिक्षण केंद्र परिसर में खड़े हैं.

 

मध्यम आकार के ये आधुनिक दमकल वाहन तंग गलियों और भीड़भाड़ वाले शहरी व ग्रामीण इलाकों में तेजी से पहुंचकर आग पर काबू पाने में सक्षम हैं. दिसंबर में इन सभी 42 आधुनिक वाहनों के अग्निशमन विभाग में शामिल होने से पूरे झारखंड में आग से निपटने की क्षमता कई गुना बढ़ जाएगी. 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही