Ramgarh News : झारखंड के स्कूली खिलाड़ियों की राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भागीदारी का आगाज हो गया है. स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के नेतृत्व में 70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल (SGFI) प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए राज्य की पहली टीम रविवार को रामगढ़ के बरकाकाना से श्रीनगर के लिए रवाना हुई.
इसे भी पढ़ें...
झारखंड की यह टीम 19 से 21 अक्टूबर 2026 तक श्रीनगर में आयोजित होने वाली 70वीं SGFI राष्ट्रीय वुशु प्रतियोगिता के अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी. 16 सदस्यीय दल में 9 बालक और 7 बालिकाएं शामिल हैं. टीम के साथ सुशील कच्छप, इंदु मुंडा, बासुदेव टोप्पो और पल्लवी कोच एवं मैनेजर के रूप में खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे.
इस अवसर पर राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि झारखंड के प्रतिभाशाली स्कूली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना विभाग की प्राथमिकता है. खिलाड़ियों की प्रतियोगिता में भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ उनके परिवहन, भोजन, प्रतियोगिता शुल्क और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी ध्यान रखा जा रहा है.
उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास है कि खिलाड़ियों को सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हों, ताकि वे पूरे आत्मविश्वास और एकाग्रता के साथ प्रतियोगिता में भाग लेकर राज्य का गौरव बढ़ा सकें.
शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों और राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने टीम के खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं. उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड की पहचान मजबूत करेंगे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

