Ranchi : झारखंड कैडर के 2006 बैच के आईपीएस अधिकारी और वर्तमान जेल आईजी सुदर्शन मंडल की सोमवार को अचानक तबीयत खराब हो गई. इसके बाद उन्हें रांची के कोकर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है.
मिली जानकारी के अनुसार, सुदर्शन मंडल को तबीयत बिगड़ने पर तत्काल अस्पताल लाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में भर्ती कर इलाज शुरू किया. सूत्रों के अनुसार, उन्हें हृदय संबंधी समस्या की शिकायत के बाद भर्ती किया गया है. विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर रख रही है और आवश्यक चिकित्सीय जांच की जा रही है.

सुदर्शन मंडल झारखंड कैडर के 2006 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हैं. वर्तमान में वह जेल आईजी के पद पर कार्यरत हैं. अपने सेवा काल में उन्होंने राज्य के कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारियां निभाई हैं और एक अनुभवी पुलिस अधिकारी के रूप में उनकी पहचान रही है.
सुदर्शन मंडल की तबीयत खराब होने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमे में चिंता का माहौल है. कई वरिष्ठ अधिकारी, सहयोगी और शुभचिंतक अस्पताल पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं. हालांकि, सुदर्शन मंडल की तबीयत को लेकर अस्पताल या पुलिस विभाग ने अभी तक कोई आधिकारिक स्वास्थ्य बुलेटिन जारी नहीं किया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment