Lagatar Desk : झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने भाजपा पर दोहरी राजनीति करने और यूपी की भाजपा सरकार द्वारा TDPL कंपनी को बचाने का आरोप लगाया है. जेएमएम ने कहा है कि झारखंड में जिस टीडीपीएल कंपनी पर परीक्षाओं में गड़बड़ी करने का आरोप है, उसी कंपनी ने उत्तर प्रदेश (यूपी) में विधानसभा व विधानपरिषद की नियुक्तियों में गड़बड़ी की थी.
यूपी विधानसभा व विधानपरिषद के लिए हुई नियुक्तियों में गड़बड़ी का मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट पहुंचा था. तब हाईकोर्ट ने मामले की सीबीआई जांच का आदेश दिया था. इस जांच के आदेश को यूपी की सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी. इस कारण मामले की सीबीआई जांच नहीं हो सकी.

झामुमो ने आगे कहा है कि यूपी में भाजपा की सरकार है और उसी भाजपा के नेता झारखंड जेपीएससी नियुक्ति में गड़बड़ी करने के मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग कर रहे हैं. वह भी तब, जब इस मामले की जांच सीआईडी कर रही है. जेपीएससी के अध्यक्ष एल ख्यांग्ते, अभय तिवारी समेत 20 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है.
उल्लेखनीय है कि झारखंड में जेपीएससी व जेएसएसी-सीएलजी परीक्षा में गड़बड़ियों को लेकर छात्र आंदोलन कर रहे हैं. छात्रों के आंदोलन को भाजपा का समर्थन मिल रहा है. भाजपा के नेता छात्रों के साथ मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग कर रहे हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें