Ranchi News: जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं के मुद्दे पर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भाजपा के आंदोलन को राजनीतिक नौटंकी करार दिया है. जेएमएम के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा छात्रों की पीठ के पीछे राजनीति करना बंद करे और सीधे मैदान में आकर मुकाबला करे.
इसे भी पढ़ें:
झारखंड मुक्ति मोर्चा ने सवाल उठाया कि जब मामला न्यायालय में विचाराधीन है, तब भाजपा नेता मुख्य सचिव पर दबाव क्यों बना रहे हैं. विनोद पांडेय ने आरोप लगाया कि केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करने वाली भाजपा अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए यह सब कर रही है.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हमेशा छात्रों के हितों को प्राथमिकता दी है. विनोद पांडेय ने कहा कि उनके निर्देश पर सीआईडी इस मामले की जांच कर रही है और धांधली में शामिल चेहरे बेनकाब हो रहे हैं.
भाजपा सीबीआई जांच की आड़ में गड़बड़ियों से जुड़े लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है. विनोद पांडेय ने बताया कि राज्य की जांच एजेंसी पर भरोसा न करने की यह जल्दबाजी भाजपा की मंशा पर सवाल खड़े करती है.
झामुमो का कहना है कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ या आंदोलन को राजनीतिक हथियार बनाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. झारखंड की जनता यह समझ चुकी है कि भाजपा को छात्रों से ज्यादा अपनी राजनीतिक जमीन की चिंता है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

