Sahibganj News: बरहेट विधानसभा क्षेत्र से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता राजा राम मरांडी अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा में शामिल हो गए. झबरी में आयोजित मिलन समारोह में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की उपस्थिति में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. इस मौके पर बाबूलाल मरांडी ने नए सदस्यों का स्वागत किया.
इसे भी पढ़ें:
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार की नीतियों और कार्यशैली से निराश होकर लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं. मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र बरहेट में झामुमो का किला दरकना इसी का संकेत है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में गुंडागर्दी बढ़ी है और पुलिस प्रशासन का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ किया जा रहा है.
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ता जगन मुर्मू को कथित झूठे मुकदमे में जेल भेजे जाने का मामला भी उठाया. पुलिस प्रशासन को निष्पक्ष रहने की चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी.
झामुमो की विचारधारा से भटकने का आरोप
राजा राम मरांडी ने कहा कि लंबे समय तक झामुमो में काम करने के बाद उन्हें लगा कि पार्टी अपनी मूल विचारधारा और जनहित के मुद्दों से भटक गई है. उन्होंने हेमंत सरकार को आदिवासी समाज सहित आम जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने में विफल बताया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा की विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल होने की बात कही. उन्होंने भाजपा को मजबूत करने और जनता की आवाज उठाने का संकल्प जताया.
मौके पर पूर्व विधायक अनंत ओझा, लोबिन हेम्ब्रम, दिनेश विलियम मरांडी, सिद्धो-कान्हो के वंशज मंडल मुर्मू, प्रदेश मंत्री कृष्णा महतो सहित भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

