Chatra News: जिले के टंडवा कोयलांचल क्षेत्र में सड़क जाम, प्रदूषण और स्वास्थ्य संकट के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है. जिला अध्यक्ष निलेश ज्ञासेन के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त रवि आनंद को मांग पत्र सौंपकर समस्याओं के समाधान के लिए 10 दिनों की मोहलत दी है.
इसे भी पढ़ें:
झामुमो ने पत्र के माध्यम से चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि में ठोस कार्रवाई करते हुए जनहित से जुड़े समस्याओं का नियमित तौर पर समाधान नहीं किया जाता है तो पार्टी के नेता व कार्यकर्त्ता सड़क पर उतरकर अनिश्चितकालीन कोल डिस्पैच ठप करने के साथ कोयला और फ्लाई एश वाहनों का परिचालन बंद करा देंगे.
झामुमो ने आम्रपाली-चंद्रगुप्त, चट्टी बरियातू-पांडु कोयला परियोजनाओं और एनटीपीसी के उत्तरी कर्णपुरा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट से जुड़ी परिवहन गतिविधियों पर सवाल उठाए हैं. पार्टी नेताओं का कहना है कि भारी वाहनों के दबाव से प्रमुख सड़कों पर घंटों जाम लग रहा है. इससे विद्यार्थियों, मरीजों और आम नागरिकों को परेशानी हो रही है. कोयले की धूल और फ्लाई एश से सांस लेने में दिक्कत, खांसी तथा आंखों में जलन जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं. सड़कों पर फिसलन के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है.
जिलाध्यक्ष ने सड़क पर नियमित जल छिड़काव, भारी वाहनों के अनुपात में विधि-व्यवस्था और सुलभ परिवहन संचालन हेतू पुलिस बल की तैनाती, एंबुलेंस के लिए निर्बाध रास्ता, प्राथमिक उपचार केंद्र और ट्रॉमा सेंटर की व्यवस्था की मांग की है. साथ ही स्थानीय युवाओं को योग्यता के अनुसार परियोजनाओं में रोजगार देने और सभी कोयला वाहनों में स्पीड कंट्रोलर अनिवार्य करने की मांग उठाई है.
जिलाध्यक्ष निलेश ज्ञासेन ने कहा कि कोयला परियोजनाओं के लिए स्थानीय लोगों की जमीन गई है, लेकिन आज वही लोग प्रदूषण, जाम और दुर्घटनाओं का दंश झेल रहे हैं. उन्होंने कहा कि झामुमो जनता के हितों से समझौता नहीं करेगा. प्रशासन और कंपनियों को बंद कमरों में बैठकर औपचारिकता निभाने के बजाय जनता के बीच आकर समस्याओं का समाधान करना होगा. 10 दिनों में ठोस पहल नहीं हुई तो पार्टी व्यापक आंदोलन और संपूर्ण चक्का जाम करने को बाध्य होगी.
जिलाध्यक्ष के अनुसार, उपायुक्त रवि आनंद ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान का सकारात्मक आश्वासन दिया है. मांग पत्र की प्रतिलिपि संबंधित पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों और एनटीपीसी, सीसीएल तथा अन्य परियोजना प्रबंधन को भी भेजी गई है. प्रतिनिधिमंडल में जिला कोषाध्यक्ष नितेश राणा उर्फ अंबानी, सचिव चन्द्रदेव साहू, झामुयुमो जिलाध्यक्ष राहुल यादव और सदर प्रखंड अध्यक्ष उपेंद्र राम सहित अन्य नेता शामिल थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

