Ranchi News: झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अपने स्थगित धरना कार्यक्रम की नई तारीख घोषित कर दी है. अब पार्टी का एक दिवसीय धरना 19 सितंबर 2026 को राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर होगा.
इसे भी पढ़ें:
पार्टी की ओर से जारी नए कार्यालय आदेश में बताया गया है कि 7 सितंबर को होने वाला धरना 6 सितंबर को पार्टी के केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य और झारखंड सरकार के मंत्री के आकस्मिक निधन के कारण स्थगित कर दिया गया था. अब इसे 19 सितंबर को आयोजित करने का फैसला लिया गया है.
JMM का यह धरना केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में होगा. पार्टी खास तौर पर खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक 2026 का विरोध कर रही है. JMM का कहना है कि इस विधेयक से झारखंड और यहां के लोगों को आर्थिक नुकसान हो सकता है.
इसके साथ ही पार्टी केंद्र सरकार पर झारखंड की बकाया राशि को लेकर भी सवाल उठाएगी. JMM का आरोप है कि केंद्र झारखंड की बकाया राशि को रोकने या हड़पने की कोशिश कर रहा है.
पार्टी ने सभी जिला अध्यक्षों, सचिवों, संयोजकों और केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों को धरने की जानकारी संगठन के सदस्यों तक पहुंचाने का निर्देश दिया है. पार्टी ने अधिक से अधिक लोगों से धरने में शामिल होने की अपील की है. आगे के कार्यक्रमों की जानकारी बाद में जारी की जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

