Ranchi News : राजधानी रांची के बरियातू थाना क्षेत्र स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी से दो वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. बिहार एसटीएफ और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 25 हजार के इनामी विशाल कुमार सिंह और छोटू प्रिंस उर्फ प्रिंस के रूप में हुई है. दोनों पहचान छिपाकर रांची में किराए के मकान में रह रहे थे.
पुलिस के अनुसार, विशाल पर पटना में डकैती समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं. वहीं छोटू प्रिंस के खिलाफ बिहार और दिल्ली में हत्या, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत करीब 15 मामले दर्ज हैं. पुलिस दोनों को पूछताछ के लिए रिमांड लेने की तैयारी कर रही है.

