Search

 
 
 

JPSC गड़बड़ी :  बोकारो, पलामू और रांची के कई ठिकानों पर एक साथ CID रेड, कई अहम दस्तावेज जब्त

झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा में कथित अनियमितता की जांच कर रही CID ने सोमवार को राज्य के कई जिलों में एक साथ छापेमारी की. जांच एजेंसी की टीमों ने सोमवार तड़के बोकारो, पलामू और रांची में अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. कई घंटों तक चली इस कार्रवाई के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की गई.
 

Ranchi :  झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा में कथित अनियमितता की जांच कर रही CID ने सोमवार को राज्य के कई जिलों में एक साथ छापेमारी की. जांच एजेंसी की टीमों ने सोमवार तड़के बोकारो, पलामू और रांची में अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. कई घंटों तक चली इस कार्रवाई के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की गई.

 

जानकारी के अनुसार, CID की टीम बोकारो के सेक्टर-3 स्थित आवास संख्या 315 में पूर्व JPSC सदस्य सनात प्रकाश के सरकारी आवास पर पहुंची. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह सरकारी आवास करीब एक वर्ष से खाली पड़ा है. इसके बावजूद टीम ने पूरे परिसर की जांच की और आसपास के लोगों से पूछताछ कर आवास से जुड़ी जानकारी जुटाई.

 

वहीं पलामू में CID ने एक साथ तीन स्थानों पर छापेमारी की. टीम ने मेदिनीनगर के बारालोटा हनुमान नगर निवासी शिक्षक रविशंकर कुमार के घर, शिक्षक संतोष कुमार सिंह के बीएस कॉलेज स्थित आवास और नोडीहा बाजार स्थित उनके पैतृक घर की तलाशी ली.

 

पलामू पुलिस की मौजूदगी में घरों के कमरों, अलमारियों और दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई. जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण कागजात जब्त किए गए, जिन्हें CID अपने साथ ले गई. हालांकि अधिकारियों ने बरामद दस्तावेजों के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है.

 

इधर राजधानी रांची में भी एक निजी कोचिंग संस्थान पर CID की टीम ने दबिश दी, जहां दस्तावेजों की जांच की गई और संबंधित लोगों से पूछताछ की गई. सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई JPSC नियुक्ति प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के आरोप में गिरफ्तार परीक्षा माफिया अभय तिवारी से पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर की जा रही है. 

 

CID राज्यभर में परीक्षा से जुड़े दस्तावेज, संपर्क और अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी है. फिलहाल एजेंसी ने छापेमारी को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं.

 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही