Ranchi : JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों, छात्र संगठनों और सामाजिक संगठनों के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को झारखंड सरकार के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव से मुलाकात की. इस दौरान परीक्षा प्रणाली में सुधार और छात्रों की समस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई.
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि JPSC और JSSC सहित सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच के लिए राज्य सरकार विशेष जांच दल (SIT) का गठन करे. साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं का संचालन किसी विश्वसनीय घरेलू एजेंसी से कराने और छात्रों को छात्रवृत्ति (स्कॉलरशिप) का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई.
बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि यदि परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में चल रहे आंदोलन में किसी संगठित समूह की संलिप्तता के आरोप हैं, तो उनकी भी निष्पक्ष और तथ्यों के आधार पर जांच कराई जाए, ताकि वास्तविक अभ्यर्थियों के लोकतांत्रिक आंदोलन की विश्वसनीयता प्रभावित न हो.
उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि सरकार छात्रों की चिंताओं और सुझावों पर सकारात्मक एवं संवेदनशील दृष्टिकोण से विचार करेगी. उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के समक्ष इन मुद्दों को उठाकर आवश्यक कार्रवाई का प्रयास किया जाएगा.
बैठक में राजद के प्रदेश महासचिव इरफान अहमद अंसारी, राजद जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र महतो, कांग्रेस के योगेंद्र सिंह, भाकपा (माले) के आर.एन. सिंह, सीपीआई के अजय कुमार, एसएफआई के दानिश खान, एआईएसएफ के एहतेशाम परवीन सहित विभिन्न राजनीतिक, छात्र एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment