Search

 
 
 

JPSC-JSSC छात्रों का विधानसभा घेराव :  स्पेशल ब्रांच का हाई अलर्ट, असामाजिक तत्वों की घुसपैठ व माहौल बिगाड़ने की साजिश की आशंका

JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के आज विधानसभा घेराव को लेकर स्पेशल ब्रांच ने पुलिस मुख्यालय और राज्य सरकार को हाई अलर्ट किया है. खुफिया इनपुट में आशंका जताई गई है कि शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने वाले अभ्यर्थियों की भारी भीड़ के बीच कुछ असामाजिक तत्व शामिल हो सकते हैं, जो माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं. स्पेशल ब्रांच ने आंशका जताई है कि स्थिति बिगाड़ने के लिए असामाजिक तत्व पुलिस पर पथराव या लाठी से हमला कर सकते हैं.
 
झारखंड की खबरें

Ranchi :  जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों के विधानसभा घेराव को लेकर स्पेशल ब्रांच ने पुलिस मुख्यालय और राज्य सरकार को अलर्ट किया है. खुफिया इनपुट में आशंका जताई गई है कि शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने वाले अभ्यर्थियों की भीड़ में कुछ असामाजिक तत्व शामिल होकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं. स्पेशल ब्रांच ने यह भी आंशका जताई है कि स्थिति बिगाड़ने के लिए असामाजिक तत्व पुलिस पर पथराव या लाठी से हमला भी कर सकते हैं. 

 

स्पेशल ब्रांच के इनपुट के मुताबिक, विधानसभा घेराव में झारखंड के अलावा दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के रांची पहुंचने की संभावना है. करीब 25 हजार से अधिक लोगों के जुटने का अनुमान है. अभ्यर्थियों की ओर से शांतिपूर्ण तरीके से घेराव की बात कही गई है. लेकिन इतनी बड़ी भीड़ में असामाजिक तत्वों की घुसपैठ को लेकर पुलिस को विशेष सतर्क रहने को कहा गया है.

 

खुफिया एजेंसी ने ऐसे तत्वों की पहचान करने और भीड़ के बीच उनकी गतिविधियों पर नजर रखने की जरूरत बताई है. इनपुट में यह भी आशंका जताई गई है कि आंदोलन को बदनाम करने के उद्देश्य से कुछ लोग जानबूझकर हंगामा खड़ा कर सकते हैं. पुलिस के साथ टकराव पैदा करने, बैरिकेडिंग तोड़ने या पथराव जैसी स्थिति पैदा करने की कोशिश की जा सकती है. इसी वजह से पुलिस मुख्यालय ने मैदान में तैनात जवानों और अधिकारियों को संयम के साथ स्थिति संभालने का निर्देश दिया है.

 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी पुलिसकर्मियों से संयम बरतने की अपील की है. उन्होंने कहा है कि आंदोलन में शामिल छात्र हमारे बच्चे हैं और बच्चों पर लाठी नहीं बरसाई जाएगी. सरकार की ओर से पुलिस को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों के साथ संयमित व्यवहार किया जाए.

 

इधर, विधानसभा घेराव को लेकर राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. विधानसभा की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है और कई स्थानों पर कंटीले और नुकीले तार लगाए गए हैं. विधानसभा के आसपास कई स्तरों पर सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है. बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है.

 

स्पेशल ब्रांच के अलर्ट के बीच पुलिस की नजर रांची पहुंचने वाले लोगों पर भी है. दूसरे जिलों से आने वाले लोगों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई गई है. रविवार को कई रेलवे स्टेशनों पर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए. कुछ वीडियो में हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है. 

 

विधानसभा घेराव का असर राजधानी की यातायात व्यवस्था और स्कूलों पर भी पड़ा है. सुरक्षा और संभावित ट्रैफिक जाम को देखते हुए रांची के कई निजी स्कूलों ने सोमवार को स्कूल बंद रखने का फैसला किया है. अभिभावकों को इसकी सूचना दे दी गई है. प्रशासन ने भी विधानसभा की ओर जाने वाले कई मार्गों पर रूट डायवर्जन की तैयारी की है.

 

गौरतलब है कि JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थी बीते 16 दिन से आंदोलन कर रहे हैं. सरकार और छात्रों के बीच बातचीत के बावजूद सहमति नहीं बनने के बाद अभ्यर्थियों ने आज विधानसभा घेराव का ऐलान किया है. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही