Ranchi News: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की संयुक्त स्नातक स्तरीय (CGL) परीक्षा में हुई गड़बड़ियों की जांच कर रही झारखंड पुलिस की अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने मामले में पूरक आरोप-पत्र दाखिल किया है. CID थाना कांड संख्या 01/25 में दाखिल इस चार्जशीट में 10 लोगों को अप्राथमिकी अभियुक्त के रूप में शामिल किया गया है. इनमें झारखंड और बिहार के विभिन्न जिलों के रहने वाले लोग शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें:
इन 10 लोगों को बनाया गया आरोपी
CID की ओर से दाखिल पूरक चार्जशीट में जिन लोगों के नाम शामिल किए गए हैं, उनमें सुषमा कुमारी उर्फ सुषमा, अक्षय तिवारी, अभय कुमार तिवारी, विजय कुमार तिवारी, दीपक कुमार, आनंद कुमार सिंह, समीर कुमार, सोमांश प्रकाश, राहुल कुमार और उमेश कुमार राय शामिल हैं.
मुख्य आरोपियों के साथ सहयोगियों पर भी शिकंजा
JSSC-CGL परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक, सॉल्वर गैंग की भूमिका और अनुचित तरीकों से परीक्षा प्रभावित करने की शिकायतों के बाद मामले की जांच CID को सौंपी गई थी. जांच के दौरान एजेंसी ने मुख्य आरोपियों के अलावा कथित तौर पर परीक्षा में गड़बड़ी कराने में सहयोग करने वाले लोगों, बिचौलियों और सिंडिकेट से जुड़े सदस्यों की भूमिका की भी पड़ताल की है.
पूरक चार्जशीट दाखिल होने के बाद मामले में आरोपितों की संख्या और जांच का दायरा बढ़ा है. CID की जांच में सामने आए तथ्यों को अब अदालत में आगे की न्यायिक प्रक्रिया के दौरान परखा जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

