Ranchi News : JTET-2026 के अभ्यर्थियों की समस्याओं और परीक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर छात्र नेता चंदन कुमार के नेतृत्व में अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने जैक सचिव एसडी तिग्गा से मुलाकात की. करीब डेढ़ घंटे तक चली इस बैठक में OMR बुकलेट सीरीज, Teacher Type में सुधार, आंसर-की जारी करने और परीक्षा परिणाम को लेकर विस्तार से चर्चा हुई.
इसे भी पढ़ें...
चर्चा के दौरान सचिव एसडी तिग्गा ने बताया कि OMR शीट की जांच मैनुअल तरीके से नहीं, बल्कि सॉफ्टवेयर के माध्यम से आंसर-की के आधार पर होती है. बुकलेट सीरीज (S, T, U, V) अंकित नहीं कर पाने वाले अभ्यर्थियों को राहत मिलने की संभावना फिलहाल कम है. हालांकि, इस मामले में JAC अध्यक्ष और शिक्षा सचिव के साथ बैठक करनी होगी. अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री के स्तर पर निर्भर करेगा.
वहीं, JTET-2026 की आंसर-की को लेकर सचिव ने बताया कि विशेषज्ञों की नई टीम गठित कर इसकी दोबारा समीक्षा कराई जाएगी. छठ पूजा के बाद 25 से 30 नवंबर 2026 के बीच आंसर-की जारी किए जाने की संभावना है.
अभ्यर्थियों ने एडमिट कार्ड और ऑनलाइन आवेदन में Teacher Type से जुड़ी त्रुटियों का मुद्दा भी उठाया. इस पर सचिव का रुख सकारात्मक बताया गया. अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि इन त्रुटियों के सुधार का रास्ता निकल सकता है.
इसके अलावा, वर्ष 2027 में अगली JTET परीक्षा आयोजित कराने को लेकर भी चर्चा हुई. प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि अभ्यर्थियों के हित में शिक्षा विभाग से 2027 में दोबारा JTET आयोजित कराने का आग्रह किया गया है. सचिव ने भी इस संबंध में शिक्षा विभाग से परीक्षा आयोजित करने को कहे जाने की जानकारी दी.
अभ्यर्थियों ने मांग की कि JTET-2026 में हुई तकनीकी और प्रशासनिक त्रुटियों का खामियाजा परीक्षार्थियों को नहीं भुगतना पड़े. साथ ही परीक्षा परिणाम पारदर्शी तरीके से जारी किया जाए और भविष्य में JTET का आयोजन नियमित रूप से हो.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

