Ranchi : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 में सामने आई तकनीकी एवं प्रशासनिक त्रुटियों को लेकर अभ्यर्थियों का विरोध लगातार जारी है. परीक्षा में हुई गड़बड़ियों के समाधान और अपने भविष्य को सुरक्षित रखने की मांग को लेकर झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में सैकड़ों अभ्यर्थियों ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और मंत्री योगेंद्र महतो को ज्ञापन सौंपा.
अभ्यर्थियों ने दोनों नेताओं से मामले में हस्तक्षेप कर संबंधित विभाग के माध्यम से समस्याओं का न्यायसंगत समाधान कराने की मांग की. (पढ़ें...पहिले-पहिल हम कइनी...झारखंड की जेलों में भी गूंज रहे छठ महापर्व के गीत, 85 बंदी कर रहे व्रत)
अभ्यर्थियों ने ज्ञापन में मुख्य रूप से JTET-2026 की OMR शीट में प्रश्न-पुस्तिका की बुकलेट सीरीज (S, T, U, V) अंकित नहीं कर पाने का मामला उठाया. उनका कहना है कि परीक्षा केंद्रों पर वीक्षकों (Invigilator) की संभावित लापरवाही के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई. उन्होंने मांग की कि विशेषज्ञों की मदद से इस समस्या का समाधान निकाला जाए, ताकि किसी भी परीक्षार्थी का परिणाम प्रभावित न हो.
इसके अलावा ऑनलाइन आवेदन फॉर्म और प्रवेश पत्र में नाम, जन्मतिथि, कोटि (कैटेगरी), शिक्षक श्रेणी (टीचर कैटेगरी) सहित अन्य जानकारियों में हुई गलतियों का मुद्दा भी उठाया गया. अभ्यर्थियों ने इन त्रुटियों में सुधार के लिए अवसर देने की मांग की. उनका कहना है कि आवेदन प्रक्रिया के दौरान हुई तकनीकी या प्रशासनिक गलतियों के कारण किसी योग्य अभ्यर्थी को परेशानी नहीं होनी चाहिए.
इसे भी पढ़ें

बाबूलाल से मिलकर ज्ञापन सौंपा, मामले को सदन में उठाने की मांग
इस दौरान संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार ने कहा कि झारखंड के अभ्यर्थियों ने करीब 10 वर्षों तक JTET परीक्षा का इंतजार किया है. ऐसे में परीक्षा के दौरान हुई तकनीकी और प्रशासनिक त्रुटियों के कारण हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में नहीं छोड़ा जा सकता. परीक्षा परिणाम की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी समस्याओं का पारदर्शी और न्यायसंगत समाधान जरूरी है.
प्रतिनिधिमंडल ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी से इस मामले को विधानसभा के सदन और संबंधित विभाग के समक्ष उठाने का आग्रह किया. वहीं, मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो से भी अभ्यर्थियों की समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई और सकारात्मक पहल करने की मांग की गई.
अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया में किसी तरह का अनुचित लाभ लेना नहीं, बल्कि तकनीकी एवं प्रशासनिक गलतियों के कारण किसी भी परीक्षार्थी के साथ अन्याय होने से रोकना है. झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ को उम्मीद है कि संबंधित स्तर पर पहल कर अभ्यर्थियों को राहत दी जाएगी.
इस मौके पर संतोष कुमार महतो, मुकेश कुमार साव, बबलू कुमार महतो, सुभाष हेम्ब्रम, कुलदीप यादव, दीपक कुमार, सूरज कुमार चौधरी, प्रवीण कुमार सिंह, तपन महतो, बबीता कुमारी, संगीता कुमारी, सूरज कुमार, चंद्रशेखर कुमार समेत सैकड़ों अभ्यर्थी मौजूद थे.

