Bokaro News: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं. उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं.
इसे भी पढ़ें:
उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं. परीक्षार्थियों के ठहरने वाले स्थानों सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर भी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है. किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, अनुचित गतिविधि अथवा परीक्षा की शुचिता प्रभावित करने के प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसे तत्वों के विरुद्ध प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा. उन्होंने स्पष्ट कहा कि गलत गतिविधियों में शामिल होने की मंशा रखने वाले लोग बोकारो से बाहर रहें.
जिले में जेटेट परीक्षा के लिए कुल 72 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 46,181 परीक्षार्थी शामिल होंगे. परीक्षा को सुव्यवस्थित एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर आवश्यक पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है.
परीक्षा के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों द्वारा परीक्षा केंद्रों के बाहर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है. प्रशासन ने परीक्षार्थियों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा आमजनों से परीक्षा के सफल संचालन में सहयोग की अपील की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

