Dhanbad News : अब न्याय और कानून की जानकारी लोगों के दरवाजे तक पहुंचाने की पहल शुरू हो गई है. गुरुवार को धनबाद कोर्ट परिसर से जस्टिस ऑन व्हील्स न्याय रथ को प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश निकेश कुमार सिन्हा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.न्याय रथ के जरिए ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में पहुंचकर लोगों को उनके विधिक अधिकारों, कानूनी प्रावधानों और उपलब्ध न्यायिक सहायता की जानकारी दी जाएगी.
मीडिया से बातचीत में प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश निकेश कुमार सिन्हा ने कहा कि धनबाद में बड़ी संख्या में लोग पुनर्वास और विस्थापन जैसी गंभीर समस्याओं से प्रभावित हैं. ऐसे क्षेत्रों में जाकर लोगों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देना और उन्हें न्यायिक व्यवस्था से जोड़ना जस्टिस ऑन व्हील्स अभियान का प्रमुख उद्देश्य है.
उन्होंने कहा कि कई बार जानकारी के अभाव में लोग अपने अधिकारों का इस्तेमाल नहीं कर पाते. ऐसे में न्याय रथ लोगों तक पहुंचकर उन्हें कानून और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेगा. उन्होंने अपील की कि जिस भी क्षेत्र में जस्टिस ऑन व्हील्स पहुंचे वहां लोग आगे आएं अपने विधिक अधिकारों और कानून को समझें तथा आसपास के लोगों को भी जागरूक करें.
प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश ने कहा कि कानून की जानकारी ही अपने अधिकारों की पहली सीढ़ी है. लोगों की जागरूकता से शोषित और वंचित वर्ग की आवाज को मजबूती मिलेगी और उन्हें न्याय पाने में भी मदद मिलेगी.

