Giridih News: समाहरणालय सभागार में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के. रवि कुमार की अध्यक्षता में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक हुई.
बैठक में जिले के विभिन्न विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में SIR के तहत चल रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई.
इसे भी पढ़ें:
उपलब्ध प्रगति के अनुसार 05 अगस्त 2026 से 29 सितंबर 2026 तक जिले में फॉर्म-6 के कुल 49,612 आवेदन प्राप्त हुए हैं. वहीं दावा एवं आपत्ति से संबंधित फॉर्म-7 के कुल 569 आवेदन तथा फॉर्म-8 के कुल 55,626 आवेदन प्राप्त हुए हैं. बैठक में इन आवेदनों के निष्पादन की स्थिति एवं लंबित मामलों के कारणों की भी समीक्षा की गई.
बैठक में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में SIR के तहत मतदाताओं को प्राप्त हो रहे नोटिसों की सुनवाई एवं संबंधित दस्तावेजों के सत्यापन की प्रगति की भी समीक्षा की गई. के. रवि ने निर्देश दिया कि SIR के तहत प्राप्त नोटिसों के मामलों में निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप सुनवाई एवं दस्तावेजों का विधिवत सत्यापन सुनिश्चित किया जाए.
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, सुधारने अथवा हटाने से संबंधित फॉर्म-6, 6A, 7 एवं 8 भरने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 है.
इस क्रम में संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों एवं दावा-आपत्तियों की प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा लंबित मामलों के निष्पादन में आवश्यक तेजी लाने को कहा गया. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि SIR-2026 के तहत संचालित सभी गतिविधियों में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए.
बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, सहायक समाहर्ता, सभी निर्वाची पदाधिकारी, सभी सहायक निर्वाची पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

