Ranchi : गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने महिलाओं की आर्थिक भागीदारी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने को लेकर एक्स पर एक अहम संदेश साझा किया है. उन्होंने संघे शक्ति कलियुगे की अवधारणा का उल्लेख करते हुए महिला गृह उद्योग लिज्जत पापड़ को महिला सशक्तिकरण और सामूहिक सहयोग का प्रेरणादायी उदाहरण बताया.
“संघे शक्ति कलियुगे”, इस विचार को यदि किसी संस्था ने वास्तविक रूप दिया है, तो वह है श्री महिला गृह उद्योग,लिज्जत पापड़। महिलाओं की सामूहिक शक्ति, आत्मविश्वास और सहयोग से खड़ा हुआ यह संगठन आज आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण का प्रेरणादायी उदाहरण बन चुका है।
— Kalpana Murmu Soren (@JMMKalpanaSoren) May 20, 2026
गृह एवं कुटीर उद्योगों… pic.twitter.com/hkgbF2qc32
कल्पना सोरेन ने अपने पोस्ट में कहा कि लिज्जत पापड़ केवल एक व्यवसायिक संस्था नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने वाला एक सफल सामाजिक आंदोलन है. उन्होंने लिखा कि इस मॉडल ने लाखों महिलाओं को सम्मानजनक रोजगार और आत्मविश्वास प्रदान किया है. साथ ही यह सहकारिता आधारित व्यवस्था समाज में आर्थिक और सामाजिक परिवर्तन लाने की क्षमता भी रखती है.
उन्होंने डिस्ट्रिब्यूटेड प्रोडक्शन यानी विकेंद्रित उत्पादन प्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि इस व्यवस्था से महिलाएं घर या स्थानीय स्तर पर रहकर कार्य कर सकती हैं. इससे वे पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ आर्थिक रूप से भी मजबूत बनती हैं. विधायक के अनुसार, यह मॉडल स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक कौशल को बढ़ावा देने में भी काफी प्रभावी साबित हो सकता है.
कल्पना सोरेन ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए गृह एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देना समय की जरूरत है. उन्होंने सुझाव दिया कि लिज्जत पापड़ जैसे सहकारी मॉडल को हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्करण और लघु उद्योग जैसे क्षेत्रों में भी लागू किया जाना चाहिए, ताकि ग्रामीण महिलाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार और आत्मनिर्भरता मिल सके.
उन्होंने सरकार, निजी संस्थानों और स्वयंसेवी संगठनों से समन्वित प्रयास करने की अपील करते हुए कहा कि इस दिशा में गंभीर पहल से ग्रामीण परिवारों को स्थायी और सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराई जा सकती है. विधायक का यह संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment