Search

असम में कल्पना सोरेन का दमदार रोड शो, भुबेन मुरारी के लिए मांगा वोट

Dibrugarh(Assam): झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की स्टार प्रचारक और विधायक कल्पना सोरेन ने असम विधानसभा चुनाव में जोरदार हुंकार भरते हुए डिब्रूगढ़ जिले के चबुआ विधानसभा क्षेत्र स्थित डिंजॉय टी स्टेट फुटबॉल मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने झामुमो प्रत्याशी भुबेन मुरारी के समर्थन में जनता से भारी बहुमत से जीत दिलाने की अपील की.

 

कल्पना सोरेन ने अपने संबोधन में चाय बागान मजदूरों, आदिवासी समाज और गरीब तबकों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि “जो लोग वर्षों से इस क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को खड़ा कर रहे हैं, वहीं आज सबसे ज्यादा उपेक्षित हैं. उन्होंने कहा कि अब वक्त आ गया है कि श्रमिक और आदिवासी समाज अपने हक और सम्मान के लिए एकजुट होकर मजबूत फैसला लें.

 

Uploaded Image

                                 चबुआ विधानसभा क्षेत्र चुनाव प्रचार के दौरान कल्पना सोरेन

उन्होंने भाजपा और अन्य दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत आज भी नहीं बदली. बुनियादी सुविधाओं की कमी, मजदूरों की बदहाल स्थिति और बेरोजगारी जैसे मुद्दे आज भी जस के तस हैं.

 

कल्पना सोरेन ने जनता से अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव सिर्फ एक प्रत्याशी को जिताने का नहीं, बल्कि अपने अधिकार, सम्मान और भविष्य को सुरक्षित करने का चुनाव है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि झामुमो का प्रत्याशी जीतकर चाय बागान मजदूरों और आदिवासी समाज की आवाज बनेगा और उनकी समस्याओं को मजबूती से सदन तक पहुंचाएगा.  सभा में भारी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने झामुमो के प्रति बढ़ते जनसमर्थन का संकेत दिया.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp