Ranchi : सिल्ली प्रखंड के मुरी स्टेशन क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय (केवी) खोलने की दिशा में पहल तेज हो गई है. दक्षिण पूर्व रेलवे, रांची मंडल की ओर से 20 फरवरी 2026 को प्रस्तावित स्थल पर संयुक्त सर्वेक्षण किया गया. यह सर्वे केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) के मानकों के अनुरूप भूमि एवं आधारभूत संरचना की उपलब्धता का आकलन करने के लिए किया गया.
दक्षिण पूर्व रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक (इंजीनियरिंग), रांची कार्यालय द्वारा मुरी स्टेशन पर नए केंद्रीय विद्यालय के लिए उपयुक्त भूमि और आवश्यक संसाधनों की जांच हेतु संयुक्त सर्वे का निर्णय लिया गया था. सर्वेक्षण में रेलवे के इंजीनियरिंग, कार्मिक एवं वाणिज्य विभाग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया.
केवीएस मानकों के अनुसार विद्यालय खोलने के लिए कम से कम 5 एकड़ उपयुक्त रेलवे भूमि 99 वर्षों की नाममात्र लीज पर उपलब्ध करानी होगी. साथ ही स्कूल प्रारंभ करने के लिए लगभग 7×7 मीटर आकार के 15 किरायामुक्त कक्ष, उचित पहुंच मार्ग, बिजली एवं पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करनी होंगी. इसके अतिरिक्त, क्षेत्र में न्यूनतम 500 कर्मचारियों की उपलब्धता की शर्त भी रखी गई है.
सर्वे के दौरान भूमि अभिलेखों और उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा की गई. यदि सभी मानक पूरे पाए जाते हैं, तो मुरी (सिल्ली) में केंद्रीय विद्यालय खोलने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.



Leave a Comment