Ranchi News: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से 2 अक्टूबर को ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ की शुरुआत की गई. ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत मांडर विधानसभा क्षेत्र के बेड़ो प्रखंड स्थित खक्शी टोली में कार्यक्रम आयोजित हुआ. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने ताम्रपत्र से विभूषित टाना भगतों को श्रद्धांजलि दी और स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं के अनावरण कार्यक्रम में शामिल हुए.
इस दौरान उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने की अपील की. प्रदेश अध्यक्ष ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 के प्रावधानों को पढ़कर उपस्थित लोगों को सुनाया. उन्होंने कहा कि वयस्क मताधिकार भारतीय लोकतंत्र की बुनियादी ताकत है. प्रत्येक पात्र नागरिक को अपने मताधिकार का समान अवसर मिलना चाहिए. वोट सरकार चुनने के साथ-साथ जनता की आवाज और लोकतंत्र में उसकी भागीदारी का माध्यम है.
केशव महतो कमलेश ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस लोकतांत्रिक भारत की कल्पना की थी, उसकी आत्मा संविधान में है. लोकतंत्र की मजबूती के लिए संवैधानिक संस्थाओं का निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से काम करना और प्रत्येक पात्र मतदाता के मताधिकार का सम्मान जरूरी है.
इसे भी पढ़ें -
उन्होंने टाना भगतों और महात्मा गांधी के ऐतिहासिक संबंधों का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि टाना भगत समुदाय ने सत्य, अहिंसा, सादगी और स्वदेशी जैसे मूल्यों को अपनाकर स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उनका संघर्ष अन्याय के खिलाफ शांतिपूर्ण और संगठित प्रयासों के जरिए अधिकारों की रक्षा की प्रेरणा देता है.
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सेनानियों का सपना ऐसा भारत बनाना था, जहां हर नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और न्याय मिले. उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करके ही दी जा सकती है.
उन्होंने कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के माध्यम से मताधिकार के महत्व को गांव-गांव तक पहुंचाने, पात्र मतदाताओं को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने और लोकतंत्र की रक्षा में जनभागीदारी को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा. ‘वोट बचाओ - देश बचाओ’ इसी संकल्प का संदेश है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

