Simdega News: सिमडेगा थाना क्षेत्र स्थित वृंदावन होटल के सामने से एक स्कॉर्पियो चोरी होने का मामला सामने आया है. घटना के संबंध में बबली कुमारी सिंह ने सिमडेगा थाना में लिखित शिकायत दी है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
शिकायत के अनुसार, बबली कुमारी सिंह ओडिशा के सुंदरगढ़ की रहने वाली हैं और चाईबासा में महिला विकास से जुड़े कार्य में कार्यरत हैं. वह 28 सितंबर को विकास कार्य के सिलसिले में सिमडेगा आई थीं और वृंदावन होटल में ठहरी थीं. रात करीब 8:30 बजे खाना खाने के बाद उन्होंने अपनी स्कॉर्पियो होटल के सामने खड़ी कर दी थी. सुबह करीब 6 बजे उठने पर वाहन मौके से गायब मिला.
इसे भी पढ़ें -
शिकायत में बताया गया है कि स्कॉर्पियो में 16 डेल कंपनी के लैपटॉप, दूरबीन, आयरन, आयरन टेबल, फर्स्ट एड बॉक्स, फायर एक्सटिंग्विशर, फैब्रिक, प्रोजेक्टर, कैमरा समेत महिला विकास से संबंधित बड़ी संख्या में सामान रखा हुआ था. इसके अलावा वाहन में करीब 30 हजार रुपये नकद भी होने की बात कही गई है.
वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर JH05D 20351 बताया गया है. शिकायतकर्ता के अनुसार, वाहन योगेश कुमार के नाम पर पंजीकृत है और उसे लेकर वे सिमडेगा आए थे. अपने स्तर से काफी तलाश करने के बावजूद वाहन का कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस से कार्रवाई और वाहन बरामद करने की मांग की गई है.
इधर JMM के नेता पूर्व विधायक कुणाल सारंगी ने भी पूरे मामले को लेकर फेसबुक पर पोस्ट किया है और सिमडेगा पुलिस से वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो बरामद करने का आग्रह किया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

