Search

 
 
 

Patna: फायरिंग मामले में खान सर पर दर्ज हुआ FIR, पुलिस जांच तेज

पटना में खान ग्लोबल एकेडमी के बाहर हुई फायरिंग के मामले ने नया मोड़ ले लिया है.
 

Patna: पटना में खान ग्लोबल एकेडमी के बाहर हुई फायरिंग के मामले ने नया मोड़ ले लिया है. पुलिस ने इस घटना में दर्ज एफआईआर में खान सर उर्फ फैजल खान को नामजद आरोपी बनाया है. उनके साथ दो निजी सुरक्षा गार्डों और अन्य अज्ञात सहयोगियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों गार्डों ने पूछताछ में दावा किया है कि उन्होंने खान सर के कथित निर्देश पर भीड़ की ओर गोली चलाई थी.

यह मामला तब सामने आया जब सोशल मीडिया पर फायरिंग का एक वीडियो और कुछ तस्वीरें तेजी से वायरल हुईं. वीडियो में दो युवक राइफल से फायरिंग करते दिखाई दे रहे थे. वायरल सामग्री की सत्यता की जांच के लिए पुलिस टीम खान ग्लोबल एकेडमी पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की. स्थानीय लोगों ने बताया कि वीडियो में दिख रहे दोनों व्यक्ति खान सर के निजी सुरक्षा गार्ड हैं और उन्होंने कुल चार राउंड फायरिंग की थी.

कदमकुआं थाना में दर्ज एफआईआर के अनुसार, 4 जून 2026 को पुलिस ने जांच के दौरान खान सर से बातचीत की. उन्होंने स्वीकार किया कि वीडियो में दिखाई दे रहे दोनों व्यक्ति उनके निजी सुरक्षा गार्ड हैं और उनके पास लाइसेंसी राइफलें हैं. बाद में दोनों गार्डों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया.

पूछताछ में गार्ड प्रदीप कुमार और तालेबर सिंह ने बताया कि 2 जून की रात खान ग्लोबल एकेडमी के बाहर कुछ लोग विरोध प्रदर्शन करते हुए पहुंचे थे. आरोप है कि भीड़ ने एक सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की और परिसर के बाहर लगे बैनर को नुकसान पहुंचाया. गार्डों का दावा है कि इसी दौरान खान सर और उनके कुछ सहयोगियों ने उन्हें भीड़ पर फायरिंग करने के लिए कहा.

पुलिस के मुताबिक, दोनों गार्डों ने अपनी-अपनी .315 बोर की लाइसेंसी राइफल से दो-दो राउंड फायरिंग की. हथियारों को जब्त कर लिया गया है और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है.

फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो, गार्डों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है. अधिकारियों का कहना है कि फायरिंग की परिस्थितियों और सभी संबंधित लोगों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है. मामले के सामने आने के बाद खान सर की कानूनी मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही हैं.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही